यूनिवर्सल थियेटर एकेडमी की ओर से रवीन्द्र मंच के मिनी थिएटर में बंगाल के कलाकारों की ओर से तैयार नाटक ‘द रिलेशन’ का शानदार मंचन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक और यूटीए अध्यक्ष केशव गुप्ता ने बताया कि इस नाटक का निर्देशन व लेखन रुपज्योति माहांतो ने किया है। नाटक की कहानी एक मुर्गी और उसके चार बच्चों के इर्द-गिर्द घूमती है। मुर्गी जब अपने अंडों से बच्चों को निकलते देखती है तो बेहद प्रसन्न होती है, लेकिन हैरानी तब होती है जब वह बत्तख के दो नन्हे बच्चों को भी अपने साथ पाती है। थोड़ी असमंजस के बाद वह उन्हें भी अपने बच्चों की तरह स्वीकार कर लेती है। धीरे-धीरे बच्चों में आपसी झगड़ा होता है और परिवार में दूरी आ जाती है। लेकिन अंत में सभी अपनी गलती को महसूस कर, अपने मूल और माँ के प्रेम में लौट आते हैं। नाटक में बिना संवाद के फिजिकल थिएटर और संगीत के माध्यम से कहानी को खूबसूरती से पेश किया गया। भाईचारे, प्रेम और राष्ट्रीय एकता के गहरे संदेश को प्रभावी आंगिक अभिनय और जीवंत संगीत ने और सशक्त कर दिया। विशेष रूप से नाटक में इस्तेमाल किए गए असमिया ट्राइबल गीतों और लाइव म्यूजिक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अनन्या घोष, सौरव चक्रवर्ती, एरिना भौमिक, देबोब्रता पाल, अशोक कामिला, संतु साधुखा, अहन रॉयचौधरी और बिस्वजीत भौमिक ने अपने सशक्त अभिनय से पात्रों में जान फूंकी।प्रकाश व्यवस्था शुभोजित बंद्योपाध्याय, संगीत सौविक हालदार, शांतनु पांडा, प्रज्ञांश्री चौधरी, दीपक समाद्दार व मंच सज्जा अनिरुद्ध विश्वास द्वारा की गई।नाटक के अंत में दर्शकों ने कलाकारों की शानदार प्रस्तुति के लिए तालियों से अभिवादन किया। कार्यक्रम संयोजन केशव गुप्ता की ओर से किया गया।