Site icon Raj Daily News

न्यूज इन ब्रीफ@11AM:ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी; राजस्थान के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; सीएनजी 3.09 रुपए सस्ती, जोधपुर में दो गुटों में झड़प

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की राजस्थान सहित देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी; शूटर मारा गया
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली के दौरान गोली चलाई गई। जब वे मंच पर बोल रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ट्रम्प ने अपने दाहिने कान पर हाथ रखा और नीचे झुक गए। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत ट्रम्प को कवर करने पहुंचे। जब वे उठे तो उनका चेहरा खून से सना था। शूटर को मार गिराया है।
पढ़ें पूरी खबर… 2. राजस्थान के 24 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट; ​​​​​​बीसलपुर बांध में बढ़ने लगा पानी
राजधानी जयपुर में रविवार सुबह-सुबह कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे पूर्व शनिवार को अजमेर, टोंक, चूरू, भरतपुर, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में बारिश हुई। बीसलपुर बांध में पानी बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में 65 एमएम तक बरसात हुई है। आज (रविवार) जयपुर सहित 24 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पढ़ें पूरी खबर… 3. संजय सिंह बोले- केजरीवाल के कोमा में जाने का खतरा, 5 बार शुगर लेवल गिरा
AAP सांसद संजय सिंह ने बताया कि जेल में दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल का लगातार वजन घट रहा है। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तारी के बाद से अब तक केजरीवाल का करीब 8.5 किलो वजन घट गया है। ये गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जेल में रहने के दौरान नींद में 5 बार उनका शुगर लेवल गिरकर 50 तक आ चुका है। सोते समय अचानक शुगर लेवल गिरता है, तो व्यक्ति कोमा में जा सकता है।
पढ़ें पूरी खबर… 4. सीएनजी 3.09 रुपए सस्ती, दो कंपनियों ने घटाए दाम; जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरना होगा महंगा
अगर आप CNG ऑटो से एयरपोर्ट जाएंगे तो यह सस्ता पड़ेगा, लेकिन एयरपोर्ट से उड़ान भरना महंगा पड़ेगा। आपको टिकट के अलावा पहले से दोगुना विकास शुल्क चुकाना होगा। राजस्थान में बजट घोषणा के बाद सीएनजी करीब 3 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है तो एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए विकास शुल्क 1 अगस्त से 805 रुपए वसूला जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर… 5. बिहार में 7 नदियां उफान पर: महाराष्ट्र-कर्नाटक में रेड अलर्ट; 5 राज्यों में बारिश की चेतावनी
नेपाल से सटे बिहार और यूपी के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बिहार में बगहा में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य की 7 नदियां (घाघरा, गंडक, बागमती, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी) खतरे के निशान से ऊपर हैं। यहां पिछले 48 घंटे में 25 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई है। उधर, यूपी में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में बाढ़ है। करीब 20 लाख लोग प्रभावित हैं।
पढ़ें पूरी खबर… 6. ट्रेन आती देखकर 90 फीट गहरी खाई में कूदे पति-पत्नी; रेलवे पुल पर फोटोशूट करा रहे थे
पाली में रेलवे पुल पर फोटो शूट करवा रहे पति-पत्नी ट्रेन को आता देखकर घबरा गए। बचने के लिए दोनों ने करीब 90 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। पति को जोधपुर रेफर किया गया, वहीं घायल पत्नी का बांगड़ हॉस्पिटल में उपचार जारी है।
पढ़ें पूरी खबर… 7. आज खोला जाएगा जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार, दोपहर 1 से 1:30 बजे का शुभ मुहूर्त
ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार (खजाना) आज यानी 14 जुलाई को खोला जाएगा। मंदिर का खजाना आखिरी बार 46 साल पहले 1978 में खोला गया था। उच्च स्तरीय समिति के चेयरमैन बिश्वनाथ रथ के मुताबिक, रत्न भंडार शुभ समय में दोपहर एक बजे से डेढ़ बजे के बीच खोला जाएगा। मंदिर प्रबंधन समिति के प्रमुख अरविंद पाढी ने बताया कि इससे पहले रत्न भंडार 1905, 1926 और 1978 में खोला गया था और बेशकीमती चीजों की लिस्ट बनाई गई थी।
पढ़ें पूरी खबर… 8. जोधपुर में दो गुटों में झड़प; एक-दूसरे पर बरसाए पत्थर
जोधपुर में जालोरी गेट पर शनिवार रात रेस्टोरेंट के बाहर युवकों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। चौराहे पर करीब 10 मिनट तक युवकों के बीच झगड़ा चलता रहा। एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाते रहे।
पढ़ें पूरी खबर… 9. देश में एक किलो टमाटर की एवरेज कीमत ₹67.65 पहुंची, आलू-प्याज भी महंगे हुए
देशभर में टमाटर की कीमत लगातार बढ़ रही है। डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार (13 जुलाई) को देश में एक किलो टमाटर की औसत खुदरा कीमत 67.65 रुपए पहुंच गई। अंडमान और निकोबार में टमाटर सबसे महंगा रहा, यहां 115 रुपए प्रति किलो बिका। आंध्रप्रदेश में सबसे सस्ता रहा, यहां टमाटर की खुदरा कीमत 46.75 प्रति किलो रही। दिल्ली में टमाटर 77 रुपए किलो बिक रही। वहीं, आलू और प्याज की कीमत भी बढ़ रही है।
पढ़ें पूरी खबर… 10. इमरान खान अभी जेल में ही रहेंगे, फर्जी निकाह केस में बरी होने के 5 घंटे बाद गिरफ्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अभी जेल में ही रहेंगे। फर्जी निकाह केस में इस्लामाबाद कोर्ट ने 13 जुलाई को इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को बरी कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि इन्हें फौरन रिहा किया जाए। अदालत के आदेश के 5 घंटे बाद ही नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो की टीम ने उन्हें तोशाखाना से जुड़े एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर लिया। इमरान 3 अलग-अलग मामलों में 350 दिनों से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

Exit mobile version