Site icon Raj Daily News

पति को छोड़ सहेली के घर पहुंची, बोली-हमेशा साथ रहेंगे:15 दिन बेंगलुरु में जॉब तलाशी; पुलिस ने कहा- दोनों बालिग हैं, उनकी मर्जी

03 1749202758 gzGtp2

25 साल की विवाहिता अपने बेटे को लेकर 23 साल की सहेली अंजू के घर पहुंच गई। आरोप लगाया कि पति शराब के नशे में मारपीट करता है। अंजू ने कहा कि दोनों ने हमेशा साथ रहने का फैसला किया है। शादी के बारे में बाद में सोचेंगे। अंजू ने बताया कि दोनों जॉब की तलाश में 15 दिन के लिए बेंगलुरु (कर्नाटक) भी जाकर आई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग हैं, साथ रहने का फैसला उनकी मर्जी पर निर्भर है। यह मामला झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी थाना इलाके के मैनपुरा गांव का है। अंजू मैनपुरा की रहने वाली है। दोनों सहेलियां अंजू और रेणु फिलहाल मैनपुरा गांव (गुढ़ागौड़जी, झुंझुनूं) में अंजू के घर ही रह रही हैं। रेणु के पीहर वालों ने 10 दिन पहले थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट गोठड़ा थाने (झुंझुनूं) में दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि एक सहेली उसे भगाकर ले गई है। इधर अंजू के गांव के लोगों ने गुढ़ागौड़जी पुलिस को सूचना दी कि दो लड़कियां साथ रह रही हैं। पुलिस मैनपुरा पहुंची तो दोनों ने कहा- हमने साथ रहने का फैसला किया है। ऐसे में पुलिस और ससुराल वालों को बैरंग लौटना पड़ा। रेणु बोली- पति शराब पीकर पीटता है इस मामले में रेणु ने बताया- मेरा पीहर कोठी की ढाणी गांव में है। मेरी शादी करीब 5 साल पहले कालोटा गांव में हुई है। मेरे 4 साल का बेटा है, जो मेरे साथ ही है। शादी के कुछ समय बाद पति शराब पीकर पीटने लगा। वह शराब पीने का आदी है। मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती। पिछले महीने मैं अपने ससुराल से बेटे को लेकर भागकर अंजू के पास मैनपुरा गांव आ गई थी। अब मैं अंजू के साथ ही रह रही हूं। मैं न तो अपने पीहर जाना चाहती हूं और न ससुराल। मैंने और अंजू ने हमेशा साथ रहने का इरादा किया है। शादी के बारे में बाद में सोचेंगे। रेनु ने बताया कि ससुराल वाले जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। अंजू ने कहा- अब जिंदगी भर साथ रहेंगे अंजू ने बताया- हम दोनों 7-8 महीने से दोस्त हैं। कालोटा गांव में रिश्तेदारी में एक शादी के कार्यक्रम में हम मिले थे, तब दोस्ती हुई थी। इसके बाद हम फोन पर बात करने लगे। हम दोनो में प्यार हो गया। अब जिंदगीभर साथ रहना है। मेरे घरवालों को रेणु के यहां रहने पर कोई आपत्ति नहीं है। अभी शादी के लिए बारे में नहीं सोचा है। शादी के बारे में बाद में सोचेंगे। यहां जान का खतरा है। इसलिए बाहर कहीं सेटल होने की सोच रहे हैं। हम 15 दिन के लिए जॉब की तलाश में बेंगलुरु भी जाकर आ चुके हैं। पुलिस बोली- अंजू के घर गए थे, रेणु ने साथ रहने की इच्छा जाहिर की गुढ़ागौड़जी थाने के हेड कॉन्स्टेबल किशन ने बताया- 4 जून को रेणु के ससुराल वालों को पता चला कि रेणु अपनी सहेली के घर मैनपुरा में है तो वे गुढ़ागौड़जी थाने पहुंचे। पुलिस टीम के साथ हम रेणु को लेने अंजू के घर पहुंचे। लेकिन रेणु ने ससुराल या पीहर जाने से साफ मना कर दिया। दोनों लड़कियां बालिग हैं। आपसी सहमति से साथ रहना चाहती हैं। इसमें कानून कुछ नहीं कर सकता। बाकी परिजन समझाइश में लगे हुए हैं। बुधवार 4 जून को ही दोनों रेणु और अंजू गोठड़ा थाने पहुंचीं और बयान दर्ज कराए। यहां भी रेणु ने कहा कि वह अपनी सहेली के साथ रहना चाहती है। बता दें कि रेणु का पति टाइल फिटिंग का काम करता है। रेणु 5वीं क्लास तक पढ़ी है। जबकि अंजू 12वीं पास है।

Exit mobile version