Site icon Raj Daily News

पारा 40.3 डिग्री; कल से एक सप्ताह सक्रिय रहेगा मानसून

श्रीगंगानगर| प्रदेश में मानसून सक्रिय हो चुका है। पूर्वी राजस्थान में जमकर बारिश हो रही है। अब पश्चिमी राजस्थान में भी आगामी एक सप्ताह तक बारिश का मौसम बनने की प्रबल संभावना बनी है। इस दौरान श्रीगंगानगर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस संबंध में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। क्षेत्र में सोमवार को दिनभर धूप खिली रही तथा उमस का माहौल बना रहा। गर्मी व उमस से राहत पाने के लिए आमजन ने कूलर व पंखों का सहारा लिया, लेकिन पंखे भी राहत दिलाने में नाकाम रहे। अधिकतम तापमान भी 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून भी सक्रिय स्थिति में है तथा बंगाल की खाड़ी से बैक टू बैक मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं तथा हवाओं के साथ हमारे यहां पहुंच रहे हैं। इससे प्रदेश में बारिश होने की संभावना बनती है। आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 40.3 व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 72 व शाम को 46 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के कारण आगामी दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने व मौसम सुहावना बना रहने की प्रबल संभावना है। जिन क्षेत्रों में बादलवाही के साथ ही ठंडी हवाएं चलने का प्रभाव अधिक रहेगा वहां तापमान में पांच से सात डिग्री तक तापमान में गिरावट हो सकती है। आगे क्या: उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं आसपास के लगने वाले पश्चिम बंगाल क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी दो दिनों के दौरान धीरे-धीरे झारखंड की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। उपरोक्त तंत्र के असर से पूर्वी राजस्थान के अधिकतर भागों में बारिश की गतिविधियों में 1 जुलाई से बढ़ोतरी होने व मानसून के आगामी एक सप्ताह सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियों में 2 जुलाई से बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।

Exit mobile version