प्रदेश में आज पुलिस कर्मियों की होली का दिन है इसको लेकर देशभर की पुलिस लाइन में होली मनाई जा रही है लेकिन इस होली का पुलिस निरीक्षक से निचले स्तर के पुलिसकर्मी विरोध कर रहे हैं, जिसमें थानों के सिपाही भी शामिल है। उनका कहना है कि वर्षों पुरानी लंबित मांगों को विभाग की ओर से पूरा नहीं किया जा रहा है, इसके चलते वह होली का बहिष्कार कर रहे हैं। इधर इस कर्मियों के बहिष्कार को लेकर अब राजनीति भी होने लगी है। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने भी एक्स पर पोस्ट कर पुलिसकर्मियों से होली मनाने का आग्रह किया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिसकर्मियों की मांगों पर सरकार से फैसला करने की मांग की। इसको लेकर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत को ये कहने का अधिकार नहीं है। पांच साल का उनका कार्यकाल रहा। उसमें ये सब पहले कर दिए होते तो आज यह कहने की नौबत नहीं आती। साथ ही कहा कि जो सरकार होटलों में बंद रही, कुर्सी बचाने में व्यस्त रही, मिनी मुख्यमंत्री खड़े कर दिए, वो अब सलाह दे ये ठीक नहीं है। पटेल यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि जो कांच के मकानों में रहते हैं वो दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेंका करते। अन्य जो भी बात कही है सरकार उस पर सकारात्मक विचार करेगी। पटेल ने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार सभी सरकारी अधिकारी, कर्मचारियों के लिए संवेदनशील है। यदि पुलिसकर्मियों में कोई बात है तो उस पर सरकार सकारात्मक विचार करेगी और उसका निराकरण नियमानुसार किया जाएगा। कभी भी वर्तमान सरकार ने किसी वर्ग को अपने अधिकार से वंचित नहीं रखा। उनकी जो भी मांगे हैं उन पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। और उस पर सरकार यथाउचित निर्णय लेगी।