Site icon Raj Daily News

पुलिस अफसरों से बोले व्यापारी, मंथली ले रही पुलिस:पुलिस-व्यापारी संवाद में व्यापारियों ने कहा अपराधी बेखौफ, आमजन में डर

अलवर शहर में रविवार को हुए पुलिस-व्यापारी संवाद कार्यक्रम में कुछ व्यापारियों ने पुलिस को आइना दिखाया।साफ कह दिया कि पुलिस मंथली वसूलती है। शराब के ठेके रात 8 बजे बाद खुले रहते हैं। अपराधियों का खौफ बढ़ने लगा है। चोरियां तो रुक नहीं रही। इसके बाद पुलिस एएसपी तेजपाल ने व्यापारियों को आश्वासत किया कि व्यापारियों के सुझावों पर अमल होगा। अपराध पर सख्ती से एक्शन होगा। व्यापारियों ने साफ शब्दों में कहा कि अलवर में सट्टा, अवैध शराब, चोरी, लूट और मनचलों की घटनाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस इन पर सिर्फ कागजी कार्यवाही तक ही सीमित है। शहर के हर हिस्से से रोजाना घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन ठोस एक्शन नहीं होने के कारण अपराधी बेखौफ हो गए हैं।
व्यापारी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से व्यापारियों ने अपनी बात रखी है, लेकिन अब ज़रूरत है उन बातों पर अमल करने की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है, जिससे पूरा शहर परेशान है। पुलिस और नगर निगम की उदासीनता ने व्यापारियों को घुटनों पर ला खड़ा किया है। संयुक्त व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष हरमीत सिंह मेंहदीरत्ता ने कहा कि चोरी, डकैती, साइबर ठगी, मारपीट जैसी घटनाएं बढ़ी हैं और पुलिस का रवैया सिर्फ आश्वासन तक सीमित है। उन्होंने जानकारी दी कि तीन महीने बाद फिर एक संवाद होगा, जिसमें यह देखा जाएगा कि समस्याओं का कितना समाधान हुआ है।
डॉ. तेजपाल सिंह (एडिशनल एसपी) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस अब सट्टा, अवैध शराब और लूट जैसी घटनाओं को लेकर गंभीर है। शहर में अलग से गश्त शुरू की जाएगी, ताकि व्यापारी और आम जनता दोनों सुरक्षित महसूस करें।

Exit mobile version