एसआई भर्ती 2021 पेपर लीक मामले में अब ईडी की भी एंट्री हो गई है। मामले की जांच कर रही एसओजी ने ईडी से केस की जानकारी साझा की है। दरअसल, एसओजी की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाशों ने पेपर लीक और बेचकर करोड़ों की संपत्ति बना ली है। वहीं, एक ने 2 करोड़ रुपए देकर मां को सरपंच बना दिया। इस पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एसओजी ने ईडी को सभी जानकारी शेयर की है। एसओजी से मिली जानकारी के बाद ईडी ने एसआई भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक के मामले में अब तक दर्ज हुई सभी एफआईआर और गिरफ्तार आरोपियों की मांगी थी। इस पर एसओजी ने ईडी को सभी की जानकारी दे दी है। ईडी के अधिकारियों ने बताया- उनकी टीमें गिरफ्तार आरोपियों की संपत्ति को लेकर जांच करने में लगी है। 10 से 25 लाख रुपए एक अभ्यर्थी से लिए ईडी से मिली जानकारी के अनुसार एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में हुई गड़बड़ी में एसओजी निरंतर गिरफ्तारी कर रही है। पेपर लीक करने और पेपर को सॉल कराने सहित डमी कैंडिडेट बिठाने में बदमाशों ने 10 से 25 लाख रुपए एक अभ्यर्थी से लिये हैं। इस पैसे से इन बदमाशों ने संपत्ति बनाई है। एसआई पेपर लीक के एक आरोपी ने 2 करोड़ रुपए देकर अपनी मां को सरपंच बना दिया एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया- गिरफ्तार आरोपियों में लगभग सभी आरोपियों ने नकल गैंग का हिस्सा बनकर लाखों-करोड़ों रुपए कमाए हैं। एक आरोपी ने 2 करोड़ रुपए देकर अपनी मां को सरपंच बना दिया। इस विषय को लेकर एसओजी अलग से जांच कर रही है। जेईएन भर्ती पेपर लीकर के आरोपियों की जानकारी भी मांगी वीके सिंह ने बताया- हमारी टीम को जूनियर इंजीनियर (जेईएन) पेपर लीक 2020 के मास्टरमाइंड हर्षवर्धन मीणा और राजेन्द्र यादव के बारे में कई जानकारी मिली थी। इस पर हमारी टीम ने दोनों आरोपियों को संपत्ति की जानकारी जुटाई थी। ईडी के अधिकारियों ने एसओजी से सम्पर्क किया, इन आरोपियों की संपत्ति की जानकारी भी मांगी थी। इस पर दोनों की संपत्ति की जानकारी हमारी टीम ने ईडी के साथ साझा की है। ईडी पेपर लीक गिरोह में करोड़ों रुपए की हुई बंदर बांट को लेकर जांच कर रही हैं। जानकारी में आया है कि हर्षवर्धन मीणा और राजेन्द्र यादव ने करोड़ों रुपए की संपत्ति पेपर लीक से बनाई हैं। ईडी जल्द ही इन दोनों को जेल से गिरफ्तार कर आगे की जांच करेगी। संपत्ति की ब्योरा नहीं मिलने पर इन की संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।