हिंडौन सिटी क्षेत्र के कांचरोली में शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे बरसाती पानी से भरे फार्म पौंड में गिरने से एक 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने करीब 2 घंटे बाद 15-20 फीट गहरे फार्म पौंड से बालक के शव को बाहर निकाला। सदर थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि मृतक कांच रोली निवासी कार्तिक(9) पुत्र मनेंद्र जाटव है। मृतक के चाचा विमल जाटव ने पुलिस को इसकी रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब 2.30 दो बालक कांच रोली में फार्म पौंड फिसलकर गिर गए। जिसके बाद थाना प्रभारी व एएसआई बदन सिंह जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं इसकी जानकारी एसडीआरएफ टीम करौली को दी गई। इस हादसे में मृतक का साथी दोस्त तन्मय सकुशल है। जिसे मौके से गुजर रही महिलाओं ने साड़ी की मदद से बाहर निकाला। मृतक के चाचा विमल ने बताया कि उसका भतीजा कार्तिक गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ता है। वह शुक्रवार को दोपहर करीब 1.20 मिनट पर स्कूल से घर आ गया। जिसके बाद खेत पर मजदूरी करने गई अपनी मां कैलाशी देवी से मिलने जा रहा था। उसके साथ तन्मय भी मौजूद था। उन्होंने बताया कि रास्ते मे बरसाती पानी का फार्म पौंड भी था। इस दौरान वहां से गुजरते वक्त फिसलकर कार्तिक(9) फार्म पौंड में जा गिरा।जिसे बचाने उसका साथी तन्मय भी कूद गया। इस दौरान खेतों से निराई गुड़ाई कर घर लौट रही महिलाओं के समूह ने तन्मय को टांके में कूदता हुआ देख लिया। महिलाओं ने साड़ी के सहारे तन्मय को बाहर निकाल लिया। लेकिन कार्तिक गहराई में डूब गया। जिसका शव करीब दो घंटे बाद पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता मनेंद्र जाटव मजदूरी करता है। वह गुरुवार की शाम अपने बड़े भाई हंसराज से मिलने जालोर गया हुआ था।