रणबीर कपूर की फिल्म रामायण का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। 2 मिनट 33 सेकंड के इस क्लिप में दिखाए गए VFX ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर धनुष-बाण चलाते नजर आ रहे हैं, जबकि रावण के रूप में यश भी उनके सामने जबदस्त टक्कर देते दिखाई दे रहे हैं। कैसा है रामायण का फर्स्ट लुक? वीडियो की शुरुआत भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश यानी भगवान शिव के साथ की गई है। फिल्म रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में खूब जच रहे हैं। उनका लुक, अंदाज देखकर लगता है कि उन्होंने इस किरदार के लिए काफी मेहनत की है। किरदार को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने धनुष-बाण चलाना भी सीखा, ताकि उनकी एक्टिंग और असली लगे। टीजर में भगवान राम के साथ-साथ रावण की पहली झलक भी दिखाई गई है, जिसे साउथ के सुपरस्टार यश ने निभाया है। एक सीन में रणबीर और यश आमने-सामने दिखाई देते हैं, जो राम और रावण के बीच होने वाली बड़ी टक्कर का दर्शता करता है। जबकि दूसरे सीन में रणबीर को जंगल में पेड़ पर चढ़कर धनुष चलाते हुए देखा जा सकता है कैसे है वीडियो का बैकग्राउन्ड म्यूजिक? हालांकि टीजर में अभी किसी भी किरदार का कोई डायलॉग नहीं दिखाया गया है, लेकिन इसका बैकग्राउंड म्यूजिक काफी दमदार है। वीडियो देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में किरदारों के डायलॉग, हावभाव और बॉडी लैंग्वेज पर बारीकी से काम किया गया होगा। फिल्म रामायण से जुड़ी कुछ खास बातें नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायण को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और 8 बार ऑस्कर जीत चुके VFX स्टूडियो DNEG प्रोड्यूस कर रहे हैं। साथ ही यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस भी को-प्रोड्यूसर है। इस फिल्म को खासतौर पर IMAX जैसे बड़े फॉर्मैट के लिए शूट किया जा रहा है। ऑस्कर जीत चुके दो मशहूर संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान इस फिल्म के लिए पहली बार साथ में संगीत तैयार कर रहे हैं। फिल्म के महायुद्ध वाले सीन को हॉलीवुड के टॉप स्टंट डायरेक्टर्स टेरी नोटरी (अवेंजर्स, प्लेनेट ऑफ द एप्स) और गाय नॉरिस (मैड मैक्स: फ्यूरी रोड, फ्यूरियसा) कोरियोग्राफ कर रहे हैं। डायरेक्टर नितेश तिवारी का कहना है, ‘रामायण वो कहानी है जिसके साथ हम सब बड़े हुए हैं। ये हमारी संस्कृति की आत्मा को अपने अंदर समेटे हुए है। हमारा मकसद यही था कि इस आत्मा को सम्मान दें और इसे उस सिनेमैटिक भव्यता के साथ पेश करें जिसकी ये सच्ची हकदार है। एक फिल्ममेकर के तौर पर ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन उतनी ही दिल से जुड़ी हुई इज्जत की बात भी है कि मुझे इसे पर्दे पर उतारने का मौका मिला। हम सिर्फ एक फिल्म नहीं बना रहे बल्कि हम एक विजन दे रहे हैं, जो श्रद्धा में डूबा हुआ है, गुणवत्ता से गढ़ा है और हर सीमा से पार जाने की ताकत रखता है।’ नमित मल्होत्रा ने कहा, ‘ये सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दुनिया भर के हर भारतीय के लिए एक सांस्कृतिक आंदोलन है। रामायण के जरिए हम इतिहास को दोहरा नहीं रहे, बल्कि अपनी विरासत को पूरी दुनिया के सामने पेश कर रहे हैं। हमने इस प्रोजेक्ट के लिए दुनिया के बेस्ट टैलेंट को एक साथ जोड़ा है ताकि ये कहानी पूरी सच्चाई, इमोशन और नए जमाने की टेक्नोलॉजी के साथ दिखाई जा सके। एक भारतीय होने के नाते ये हमारी सच्चाई है और अब ये हमारी तरफ से दुनिया को दिया गया तोहफा है।’ फिल्म की कास्ट इस फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम का किरदार निभाया है। रावण की भूमिका में यश नजर आए हैं। माता सीता साई पल्लवी बनी हैं। हनुमान के दमदार रोल में सनी देओल हैं। रवि दुबे लक्ष्मण किरदार में नजर आएंगे।