दौसा जिले के देलाड़ी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उप तहसील कार्यालय शुरू करने की घोषणा की गई थी। लेकिन अभी तक यहां ऑफिस शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि अधिकारी सरकार के आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। लोगों को घर के नजदीक राजस्व सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने एक साल पूर्व देलाडी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उप तहसील खोलने की घोषणा की थी। इस बाद कलेक्टर ने नायब तहसीलदार सहित तीन कर्मचारियों की नियुक्ति भी कर दी थी। इसके बावजूद अभी तक देलाडी मुख्यालय पर उप तहसील कार्यालय शुरू नहीं हुआ है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को नारेबाजी करते हुए रोष जताया। ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर कोलवा-गूलर मार्ग पर विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इनकी मांग है कि राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार जल्द ही देलाडी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उप तहसील कार्यालय को शुरू किया जाए। ताकि देलाड़ी सहित खूंटला, धनावड, कोलवा भोजवाड़ा, द्वारापुरा आदि पटवार मंडलों के लोगों को राहत मिल सके। लोगों कहना है कि यहां उप तहसील नहीं खुलने के कारण राजस्व कार्य के लिए लोगों को मजबूरन बांदीकुई जाना पड़ रहा है। जबकि राज्य सरकार बजट में घोषणा कर चुकी है। इसके इसके बावजूद सरकार के आदेशों की पालन नहीं की जा रही। प्रशासन की लेटलतीफी के कारण लोगों को सुविधा नहीं मिल पा रही। ऐसे में यदि जल्द ही उप तहसील शुरू नहीं की गई तो मामले को राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा।