राज्य बजट में अजमेर के लिए की गई घोषणा की क्रियान्विति को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सक्रिय हो गए है। उन्होंने माकड़वाली में प्रस्तावित आयुर्वेद प्राकृतिक चिकित्सा, योग विश्वविद्यालय की जमीन का अवलोकन किया। इससे पहले मुहामी गांव स्थित मोड़ी सागर(मोहर सागर ) तालाब पर किए जाने वाले पानी स्टोरेज की जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर भारती दीक्षित भी मौजूद रही। देवनानी ने बताया-शैक्षिक नगरी के रूप में विख्यात अजमेर में 37 साल पहले महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी। इसके बाद अब पहली बार आयुर्वेद प्राकृतिक चिकित्सा, योग विश्वविद्यालय की घोषणा हुई। यह विश्वविद्यालय राजस्थान में पहला ऐसा विश्वविद्यालय होगा जहां एक साथ तीनों आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और योग की शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए करीब 80 बीघा भूमि चिन्हित की जा रही है। यूनिवर्सिटी में प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं अन्य सेवाओं के भी अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। शीघ्र ही कुलपति एवं अन्य स्टाफ की नियुक्ति कर काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए जमीन का अवलोकन किया। इससे पहले देवनानी ने मुहामी गांव स्थित मोड़ी सागर(मोहर सागर ) तालाब का निरीक्षण किया। यहां जलापूर्ति के लिए पानी का स्टोरेज किया जाना प्रस्तावित है। देवनानी ने कहा कि इससे पानी की समस्या का समाधान होगा।