विश्व पर्यावरण और गंगा दशमी के अवसर पर बांसवाड़ा में गुरुवार से वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान 20 जून तक चलेगा। जिलास्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत बांसवाड़ा के माही माता मंदिर से हुई। जहां पूजा अर्चना के बाद कलश यात्रा निकाली गई। करीब एक हजार महिलाओं और युवतियों ने कलश यात्रा ने भाग लिया। यह अभियान गांवों में पेयजल संकट दूर करने, भू-जल स्तर बढ़ाने, वर्षा जल संग्रहण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ इंद्रजीत यादव ने कहा- यह अभियान बहुत अहम है। जिसमें जनभागीदारी जरूरी है। 15 दिनों तक शहर, गांव कस्बों में जलस्रोत का संरक्षण किया जाएगा। जहां कहीं भी अतिक्रमण हैं उसे हटाया जाएगा। प्रशासन उसमें मदद करेगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, भाजपा नेता धनसिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। घाटोल के हनुमान मंदिर में हुआ कार्यक्रम घाटोल कस्बे के हनुमान मंदिर से कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। यहां गुरुवार को गंगाजल कलश यात्रा निकाली गई। इसमें महिलाओं ने भाग लिया। 500 माटी कलशों में पवित्र जल यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा हनुमान मंदिर से नए बस स्टैंड होते हुए पोस्ट चौराहा पहुंची। यहां व्यापार मंडल ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद यात्रा वन विभाग परिसर पहुंची। यहां पौधरोपण किया गया। फिर सभी ने जल संरक्षण की शपथ ली। इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में पूर्व सांसद मानशंकर निनामा, पूर्व विधायक हरेंद्र निनामा, प्रधान हरकू देवी, सरपंच प्रियंका डाबी, तहसीलदार हाबुलाल मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी कमलेश मेनारिया, सहायक अभियंता वेदप्रकाश मीणा, प्रशासनिक अधिकारी कौशल दोसी मौजूद रहे। कंटेंट- राहुल शर्मा घाटोल।