पश्चिमी विक्षोभ का असर बाड़मेर जिले में देखने को मिल रहा है। राजस्थान के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। इधर बाड़मेर में तीसरे दिन भी आसमान में बादलों की आवाजाही चल रही है। वहीं दोपहर के समय हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय ठंडी हवा चलने से गर्मी का असर कम हुआ। 9 बजे के बाद तेज धूप से गर्मी बढ़ी है। लेकिन दोपहर के समय आसमान में बादल छा जाने के बाद धूप-छांव के बीच लुकाछुपी का दौर चला। दरअसल, मार्च माह शुरू होने के साथ गर्मी के तेवर तेज हो गए। दिन- रात में ठंड गायब हो गई। तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा है। लेकिन बीते दो- तीन दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री पहुंच गया। लेकिन पड़ोसी जिले में हुई बारिश और बादलों की वजह से शनिवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 35.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को सुबह ठंडी हवा चलने से गर्मी का असर कम रहा। लेकिन धूप निकलने के साथ गर्मी बढ़ी। लेकिन दोपहर के समय आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। इससे सूरज व बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल शुरू हो गया। कभी धूप तो कभी छांव रही। रविवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आकर 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे तक मौसम स्थिर रहने की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का असर भी तेज होगा। आगामी दिनों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। बाड़मेर में बीते 7 दिनों का तापमान(डिग्री सेल्सियस में)