बारां में भारतीय जनता पार्टी का होली मिलन समारोह रविवार को सांसद कार्यालय पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में बारां-झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन पर्व पर्यवेक्षक छगन माहुर ने भी शिरकत की। बारां विधायक राधेश्याम बैरवा और अन्ता विधायक कंवरलाल मीणा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सांसद सिंह और जिलाध्यक्ष सिकरवार ने नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली भी खेली गई। सांसद दुष्यंत सिंह ने होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत, वसुंधरा राजे और रघुवीर सिंह कौशल जैसे नेताओं को जयपुर व दिल्ली भेजकर हाड़ौती का नाम रोशन किया है। उनकी पहचान भाजपा से है और बारां झालावाड़ से है। संगठन को मजबूत करने का कार्य हमें मिलकर करना है। सांसद सिंह ने बूथ स्तर को संभाल रहे कार्यकर्ताओं का लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में शानदार विजयश्री में भागीदारी निभाने के लिए आभार जताया। सांसद ने बारां को स्वच्छ पेयजल एवं कृषि के लिए परवन परियोजना का कार्य शीघ्रता से करवाने की बात कही और कहा कि भाजपा सरकार 36 कौम को साथ लेकर जिले में विकास की गति बढ़ाने के लिए प्रयासरत है और दिलों को जोड़कर क्षेत्र का विकास करने में कोई कसर नही छोड़ेंगे। जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार ने कार्यकर्ताओं को होली की बधाई देते हुए अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि कार्यकर्ता का सम्मान ही उनका सम्मान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा एवं उनके विधिपूर्ण कार्य करना उनका प्रमुख ध्येय रहेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष नन्दलाल सुमन ने कहा कि एक और एक दो के स्थान पर एक और एक ग्यारह पंक्ति के अनुरूप कंधे से कंधा मिलाकर संगठन हित में कार्य करें और भारत को परम वैभव तक ले जाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। भाजपा मीडिया विभाग के जिला प्रमुख सचिन सनाढ्य व सहप्रवक्ता योगेश राजौरा ने बताया कि सांसद कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष व पदाधिकारी, स्थानीय निकायों के सदस्य, मोर्चों व प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मातृशक्ति सहित भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।