couple jaipur 1751043961 RsUMPV

जयपुर के मुहाना थाना इलाके के दादू दयाल नगर में शुक्रवार को बैंककर्मी और उसकी पत्नी की संदिग्ध मौत हो गई। दोनों के शव फ्लैट में फांसी के फंदे से लटके मिले। दंपती नदबई के हंतरा गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार हंतरा के रहने वाले धर्मेंद्र (40) पुत्र चंदन और उसकी पत्नी सुमन (36) दादूदयाल नगर स्थित फ्लैट में रह रहे थे। शुक्रवार को दिनभर से उनके मोबाइल बंद आ रहे थे। परिजनों और मित्रों द्वारा बार-बार फोन करने के बावजूद जब किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया तो उनके एक करीबी मित्र ने अपनी बेटी को उनके घर भेजा। वह घर पहुंची तो फ्लैट का दरवाजा खुला था। अंदर कमरे में दोनों के शव फांसी के फंदे पर झूलते मिले। जिसे देख बच्ची के होश उड़ गए। उसने तुरंत अपने घर फोन करके इसकी जानकारी दी। आसपास के लोगों की जैसे ही सूचना मिली, बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव मोर्चरी में भिजवाए। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। मुहाना थानाधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने जानकारी जुटाई है। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अभी दोनों की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं। हंतरा के पूर्व सरपंच नीटू ने बताया कि धर्मेंद्र और सुमन दो दिन पहले अपनी दोनों बच्चियों को गांव हंतरा में अपनी पिता के पास छोड़कर जयपुर लौटे थे। धर्मेंद्र प्राइवेट बैंक में काम करते थे जबकि उनकी पत्नी गृहणी थी।

Leave a Reply