भरतपुर के चिकसाना थाना इलाके में कल देर शाम हुई व्यक्ति की हत्या के बाद आज सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस शव के साथ फुलवारा गांव पहुंची है। पुलिस की मौजूदगी में ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने 3 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देने के बाद परिजन शव का पोस्टमॉर्टम करवाने को तैयार हुए। सुबह मॉर्च्युरी पर भरतपुर विधायक सुभाष गर्ग भी पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। मॉर्च्युरी पर फुलवारा गांव के करीब 50 लोग मौजूद हैं, जिनमें घटना को लेकर रोष है। मृतक के बेटे ब्रजेश (21) ने बताया कि उनके पिता अशोक (45) की परचून और ई-मित्र की दुकान है। तीन लोग बाइक से दुकान पर आए और शराब पीने के लिए 1500 रुपए व उधार सामान मांगने लगे। मना करने पर चले गए। शाम 6 बजे जब ब्रजेश मंदिर जा रहा था, तो इन्हीं लोगों ने उसे रोक लिया और बाइक की चाबी छीन ली। ब्रजेश ने पिता को फोन किया। इस बीच आरोपियों ने दो और साथियों को बुला लिया। जैसे ही अशोक मौके पर पहुंचे, बदमाशों ने गोली मार दी। एडिशनल एसपी सतीश यादव ने बताया कि पीपला गांव के पांच असामाजिक तत्वों ने वारदात को अंजाम दिया। दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। शेष की तलाश में टीमें कोसी, पलवल और मथुरा की तरफ गई हैं। अशोक की दुकान पर बड़ा बेटा ब्रजेश भी बैठता था। छोटा बेटा सचिन (18) प्राइवेट नौकरी करता है। सबसे छोटी बेटी भावना का BSTC में सेलेक्शन हुआ है।