Site icon Raj Daily News

भाजपा के होली स्नेहमिलन समारोह में गेर नृत्य का आयोजन:राज्यमंत्री देवासी और सांसद चौधरी समेत कार्यकर्ताओं ने मनाया रंगोत्सव

b6c6fbd2 2104 42a4 8406 f3641d1e41f41742126817745 1742128740

सिरोही में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित होली स्नेहमिलन समारोह में उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला। पनियारी गार्डन में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, विधायक समाराम गरासिया और पूर्व विधायक जगसीराम कोली भी मौजूद रहे। महंत तीर्थगिरी महाराज, संत राजूगिरी महाराज और संत भजनाराम महाराज सहित कई संतों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। राज्यमंत्री देवासी और सांसद चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि होली का त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा और एकता का संचार करे। जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि होली आपसी स्नेह और एकता बढ़ाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि सभी को मतभेद भुलाकर इस त्योहार को मनाना चाहिए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सांसद लुंबाराम चौधरी ने पारंपरिक गेर नृत्य किया। भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री के अनुसार, कार्यकर्ता भी सांसद के साथ गेर नृत्य में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्नेह मिलन में भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गायक कलाकार कांतिलाल कोली और भजन गीत गायक राजेश बारबर और उनकी म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा टीम ने कार्यक्रम में चार चांद लगाकर होली के रसिया गीतों व फाग से समां बांध दिया। आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढोल थाली की धुनों पर नृत्य में जमकर थिरकते हुए खुशी का इजहार किया। आयोजन में अल्पाहार के साथ शीतल ठंडाई और भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी ने आनंद लिया। कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर कहा कि इस प्रकार के आयोजन पार्टी की एकजुटता और क्षेत्र में भाजपा के नेतृत्व को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। कार्यक्रम की व्यवस्था का देख रेख लोकेश खंडेलवाल ने किया। होली स्नेह मिलन कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि पूर्व जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, पूर्व जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, पूर्व मंडल पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, पदाधिकारी व जिले भर से आए भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Exit mobile version