लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार दौसा में भाजपा जिलाध्यक्ष की घोषणा हो गई। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र गोठवाल ने मंगलवार देर रात पत्र जारी कर जिलाध्यक्ष पद के लिए लक्ष्मी रैला का नाम घोषित किया।
इससे पहले लक्ष्मी रैला भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष थी और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही थी। ऐसे में उन्हें जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके निवास पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं। भाजपा संगठन चुनाव की प्रक्रिया के दौरान से ही जिलाध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन चल रहा था। जिले की पांचों विधानसभाओं में कई मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद जिलाध्यक्ष चुनाव के लिए करीब 3 माह पूर्व सैंथल रोड स्थित एक होटल में कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें बतौर पर्यवेक्षक आए गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने जिला मुख्यालय के एक कार्यकर्ता के नाम पर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया, लेकिन कई जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। जिसके चलते घोषणा अटक गई थी। उस वक्त मंत्री बेढम ने जयपुर पहुंचकर जल्द घोषणा कराने की बात कही थी, लेकिन सत्ता-संगठन के बीच सहमति नहीं बनने से पेंच फंस गया था। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के नेताओं ने एक कार्यकर्ता के नाम पर सहमति बनाने का फिर से प्रयास किया तो कई जनप्रतिनिधियों ने खुलकर विरोध जताया। जिसके चलते घोषणा अटकी रही। ऐसे में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष द्वारा 3 दिन में नाम घोषित करने के निर्देश के बाद लक्ष्मी रैला को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।