Site icon Raj Daily News

भारत में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से 100 जिलों में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन

भास्कर न्यूज|सिरोही भाजपा युवा मोर्चा सिरोही के जिलाध्यक्ष गोपाल माली के नेतृत्व में जिला स्तरीय मॉक पार्लियामेंट पिंडवाड़ा के बनारसी मोहन सेवा सदन में किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया, जिला महामंत्री नरपत सिंह राणावत व भाजयूमो जिलाध्यक्ष गोपाल माली ने किया। जिला संयोजक कल्पेश सोनी ने बताया कि पूरे भारत में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से 100 जिलों में इस प्रकार का आयोजन किया जा रहा। इसमें राजस्थान के 6 जिलों का चयन किया था। इसमें प्रदेश संयोजक नरपत दान चरण के निर्देश में सिरोही जिले को भी कार्यक्रम सौंपा। इसका उद्देश्य भारत की युवा पीढ़ी को आपातकाल के बारे में अवगत करवाना था। इस दौरान सांसद लुंबाराम चौधरी ने 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने देश पर लगाए आपातकाल के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संविधान खत्म करने की दुहाई देने वाली कांग्रेस सरकार ने 50 साल पहले संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की भरपूर कोशिश की थी। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल माली ने कहा कि भारत का भविष्य भारत की युवा पीढ़ी है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने विपक्ष के नेता, अखिल भारतीय विधार्थी परिषद के सदस्यों समेत कई लोगों को जबरन जेल में डाल दिया था। प्रेस पर प्रतिबंध लगा दिया और लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म करके रख दिया था। कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागी भूमिका ओझा ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रवैये को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उनके मंसूबे देश में संविधान एवं लोकतंत्र को खत्म करने वाले थे। प्रतिभागी श्रीपाल सिंह काबावत ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार की ओर से लगाए गए आपातकाल को देश के लिए काल का ग्रास बताया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य प्रतिभागियों ने भी इस विषय पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान कार्यक्रम के जिला उपाध्यक्ष किरण पुरोहित, कार्यक्रम सह संयोजक भारत भाटिया, राकेश सोनी, पृथ्वी सिंह गोहिल, पिंडवाड़ा मंडल अध्यक्ष संतोष गहलोत, झाड़ोली मंडल अध्यक्ष जितेंद्र देवासी, रमेश चौहान, भरत भाटिया समेत प्रतिभागी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version