भीलवाड़ा में होली के पर्व पर रंगों की मस्ती के साथ-साथ फाग का आनंद भी चरम पर है। शहर में कई स्थानों पर विभिन्न संगठनों द्वारा फाग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत श्रीनाथजी के मंदिर आनंद धाम हवेली में फागोत्सव का आयोजन किया गया। यहां पिछले 40 दिन से लगातार फाग और होली के मौके पर कई आयोजन किए जा रहे हैं। फाग महोत्सव के दौरान भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्त भक्ति भाव से झूमने लगे। ठाकुर जी पर फूलों की वर्षा की गई तो केसर और चंदन का टीका लगाकर होली खेली और फाग उत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में महिला मंडल की मेम्बर्स फाग उत्सव में शामिल हुईं। महिलाओं ने एक दूसरे को आपस में गुलाल लगाया और फूलों की पत्तियों से होली का आनंद लिया। मंदिर की ट्रस्टी सुमन बाहेती बताया- आनंद धाम हवेली भारत में एकमात्र ऐसा स्थान है जहां श्रीनाथजी और द्वारकाधीश जी एक साथ विराजमान हैं। यहां होली के मौके पर एक महीने पहले से कई आयोजन किये जा रहे हैं। इसी के तहत आज फाग उत्सव का आयोजन किया गया है। बड़ी संख्या में महिला मंडल की मेंबर्स फाग उत्सव मनाने के लिए पहुंचीं। ठाकुर जी के साथ फूलों से और प्राकृतिक रंगों के साथ होली खेली जा रही है,सभी में उत्साह का माहौल है । फाग उत्सव मनाने आई एक महिला भक्त ने बताया कि आज आनंद धाम हवेली में फाग उत्सव का आयोजन किया गया है। इसमें हम पूरे ग्रुप के साथ शामिल हुए हैं। काफी आनंद आ रहा है। भगवान के भजनों पर हम लोगों ने काफी डांस किया,फूलों से होली खेली गुलाल से होली खेली ,सभी में बहुत उत्साह का माहौल है ।