सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को कुछ बीजेपी नेताओं द्वारा हटाने का षड्यंत्र रचने के बयान पर पलटवार किया है। मंत्री ने कहा, उनके पास अभी काम नहीं है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा विकास कार्य करवा रहे हैं। इनका उनके पास कोई तोड़ नहीं है, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने आप को विपक्ष की भूमिका में जीवित रखने के लिए ऐसा बयान देते हैं। यह बात मंत्री अविनाश गहलोत ने आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर आज यहां बीजेपी द्वारा संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने के दौरान मीडिया से बातचीत में कही। मंत्री गहलोत ने कहा कि पूरे के पूरे विधायक, पूरे के पूरे मंत्री, पूरे कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ हैं। मुख्यमंत्री जनहित में बेहतर काम कर रहे हैं। मंत्री गहलोत ने आपातकाल को लेकर भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने आपातकाल में लोगों पर जुल्म किया है। आज भी उस समय दी गई यातना को याद कर लोग डर जाते हैं। आपातकाल लोकतंत्र का काला अध्याय और लोकतंत्र का धब्बा है। गहलोत ने कहा कि जिन लोगों ने आपातकाल लगाया वे इस कलंक से कभी मुक्त नहीं हो सकते हैं। इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी टोंक ने आपातकाल को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया गया। जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में मनाए कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना का आतिथ्य मिला। कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के निमित टोंक विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को दो दिवसीय गिर्राज महाराज की यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आपातकाल में लोगों पर बेइंतहा अत्याचार किए देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। उस दौर में निरपराध लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया है। अनेक लोगों ने आपातकाल की पूरी अवधि में जेल में गुजारी। आपातकाल में लोगों पर बेइंतहा अत्याचार किए गए। कई प्रतिबंध भी लगाए गए। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, विधायक राम सहाय वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सरिता आदि ने संबोधित किया। ईस मौके पर जिला प्रमुख सरोज बंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश माहुर, शंकर लाल ठाडा, सतीश चंदेल, प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, संतकुमार जैन, दीपक संगत, रामनिवास गुर्जर, प्रधान बनवारी जाट, भरत लाल सैनी, शैलेन्द्र चौधरी, नंदलाल छान, प्रधान काबरा, हंसराज धाकड़, बबलू टैंकर, लोकेश गुप्ता, कमलेश यादव आदि मौजूद थे। मंत्री अविनाश गहलोत के सामने बीजेपी नेता भिड़े मंत्री अविनाश गहलोत आज दोपहर बाद करीब 3 बजे जैसे अग्रवाल धर्मशाला में आए। बरवास मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुर्जर, मेहंदवास मंडल अध्यक्ष धर्मराज चौधरी ने मंत्री से शिकायत करते हुए बताया कि हमारे मंडल में दो दो कार्यक्रम हुए हैं। हमें सूचना तक नहीं दी गई है। ऐसे कैसे संगठन चलेगा। मंत्री ने इस मामले में आगे बात करने की कहकर बढ़ने लगे थे कि जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान के समर्थक बीजेपी कार्यकर्ता शैलेन्द्र चौधरी ने बरवास मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुर्जर, मेहंदवास मंडल अध्यक्ष धर्मराज चौधरी को मामला खत्म करने की कही। इसको लेकर दोनों गुटों में काफी देर तक बहसबाजी हुई। दोनों ओर से हाथपाई की नौबत आती , उससे पहले अन्य कार्यकर्ताओं ने समझाकर दूर अलग किया।

Leave a Reply