विश्व योग दिवस पर शनिवार सुबह 5 बजे से अलवर में कई जगहों पर योगाभ्यास हुए। अलवर शहर में पुराना सूचना केंद्र, इंदिरा गांधी स्टेडियम, नेहरू गार्डन, कंपनी बाग सहित जगह-जगह कॉलोनियों के पार्कों के योगाभ्यास किया गया। पुराना सूचना केंद्र में छोटे-छोटे बच्चों का योगाभ्यास बेहतरीन रहा। यहां कई सालों से अभ्यास कर रहे बच्चों की प्रस्तुति देख केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी उनकी खूब तारीफ की। अलवर का मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुआ। यहां केंद्रीय मंत्री सहित बीजेपी के नेता, अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। यहां योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इस दौरान मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा- योग केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शुद्धि का भी माध्यम है। यह योग दिवस का 11वां वर्ष है। हर साल 21 जून को न केवल भारत, बल्कि कई अन्य देशों में भी उत्साहपूर्वक योग मनाया जाता है। अन्य देशों में भी योग के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ी है। केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा- योग के फायदे अनेक हैं। योग करने से शरीर की 50% से अधिक बीमारियां दूर हो जाती हैं। व्यक्ति का मन, दिल व दिमाग संतुलित और स्वस्थ रहता है। मंत्री ने मंच से बच्चों की भी सराहना की। यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।