बीकानेर के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में मिले दो जिंदा बम को सेना और पुलिस ने मिलकर डिफ्यूज कर दिया है। ये बम रेंज के आस-पास के क्षेत्र में मिले थे,जो फट नहीं सके थे। बम डिफ्यूज के लिए विस्फोट किया गया तो आस-पास का क्षेत्र थर्रा गया। दरअसल, दो जिंदा बम कंवरसेन लिफ्ट नहर किनारे करीब तीन महीने पहले मिले थे। सेना के बम निरोधक दस्ते ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को डिफ्यूज किया। बम के तेज धमाके से महाजन क्षेत्र थर्रा गया। बम डिफ्यूज के दौरान महाजन पुलिस और सेना के जवान उपस्थित रहे। तीन महीने पहले जब बम मिले थे। तब दोनों बमों को सुरक्षित स्थान पर गड्ढे में रखा गया था। अब प्रशासन ने दोनों बमों को डिफ्यूज करने के आदेश दे दिए। वहीं सेना का बम निरोधक दस्ता महाजन पहुंचा। सेना के जवान और महाजन पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। सेना ने सुरक्षा की दृष्टि से आठ सौ मीटर की दूरी तक एरिया खाली करवा लिया। इस दौरान आस पास घूम रहे आवारा पशुओं को भी मौके से दूर कर दिया। सेना ने मौके पर मिट्टी से भरे कट्टे लगाकर लाल झंडे लगाकर निशानदेही की। पुलिस ने हाईवे को दोनों तरफ से बंद कर गुजरने वाले वाहनों को रोक दिया। अभ्यास के दौरान भूल जाते हैं सैनिक महाजन क्षेत्र में बम या बम के खोल जैसी वस्तुएं मिलनी आम बात सी हो गई है। फील्ड फायरिंग रेंज होने के कारण देशभर से सैनिक अभ्यास के लिए महाजन पहुंचते है। अभ्यास में छोड़े गए कुछ बम बिना फटे रेंज एरिया से बाहर आकर गिर जाते हैं। मिट्टी के धोरों में बिना फटे ये बम कई बार किसानों को मिल जाते हैं। जिन्हें बाद में डिफ्यूज किया जाता है। कंटेंट : मुकेश रंगा, महाजन