भरतपुर कोर्ट परिसर में 21 मार्च को एक वकील ने महिला को बुरी तरह लात घूंसों से पीटा था। जिसके बाद आज वकील ने अपनी गलती मानते हुए महिला वकील से लिखित में माफ़ी मांगी है। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। वकील ने महिला वकील से माफ़ी मांगते हुए लिखा है कि मैं गोपाल मथुरिया (27) निवासी जसवंत नगर कॉलोनी का हूं। मेरा महिला साथी वकील शीतल शर्मा से विवाद हो गया था। उस विवाद को लेकर मैं सभी अधिवक्ताओं के सामने लिखित और मौखिक रूप से शीतल शर्मा से माफ़ी मांगता हूं। जो भी मैंने किया है उसके लिए मैं शर्मिंदा हूं। मैं भविष्य में शीतल शर्मा के साथ कोई विवाद या अपमानजनक बर्ताव नहीं करूंगा। मैंने साल 2021-24 के बीच शीतल शर्मा के खाते में पैसा डलवाया था। उन पैसों के संबंध में कोई क़ानूनी अड़चन आती है उसकी सभी जिम्मेदारी मेरी होगी। शीतल शर्मा के खाते में पैसे डलवाये जाने के बाद अगर कोई टैक्स आता है तो, उसका देनदार मैं हूं। मैं अपना समस्त पैसा शीतल शर्मा से ले चुका हूं। अब मेरे और शीतल शर्मा के बीच कोई हिसाब या लेनदेन शेष नहीं रहा। जो मैंने लेनदेन के आरोप लगाए थे वह झूठे और निराधार थे। उससे शीतल शर्मा को ठेस पहुंची है। उसके लिए मैं क्षमा प्रार्थी हूं। अगर भविष्य में ऐसी घटना मेरे द्वारा दोबारा घटित होती हैं तो, उसका जिम्मेदार मैं खुद रहूंगा। 21 मार्च को वकील गोपाल मथुरिया ने महिला वकील पर पैसे के लेनदेन का आरोप लगाते हुए उससे मारपीट की थी। घटना में शीतल शर्मा के शरीर में कई जगह चोटें आई थी। जिसके बाद उसे आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शीतल ने गोपाल मथुरिया के खिलाफ मथुरा गेट थाने में FIR भी दी थी लेकिन, पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की थी।