धौलपुर की नादनपुर थाना पुलिस ने घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से ही पिछले डेढ़ महीने से फरार चल रहे थे। जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर नादनपुर थाना प्रभारी राजेंद्र गिरी ने बताया कि डेढ़ महीने पहले 28 मई को एक महिला ने थाने में मामला दर्ज कराया था। जिसमें बताया गया था कि दो आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट करने के साथ ही आरोपियों ने महिला के साथ गाली गलौज कर छेड़छाड़ की। मामले में नामजद आरोपी रंजीत (21) पुत्र कैलाश चंद और चंद्र भगवान (20) पुत्र रामप्रकाश फरार चल रहे थे। फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी। थाना प्रभारी ने बताया कि छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपी रंजीत और चंद्र भगवान के थाना क्षेत्र में आने की सूचना मिली थी। जिस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।