उदयपुर शहर में आबादी क्षेत्र में एक कॉलोनी में लेपर्ड का मूवमेंट देखा जा रहा है जिससे वहां रहने वाले लोग भयभीत है। पिछले दिनों लेपर्ड एक घर के बाहर सीसी टीवी कैमरें में भी देखा गया तो दो दिन पहले एक कुत्ते का शिकार भी किया गया। उदयपुर शहर के शोभागपुरा क्षेत्र के पास स्थित मीरानगर कॉलोनी में लेपर्ड से वहां रहने वाले लोग भयभीत है। मीरानगर सी ब्लॉक विकास समिति के अध्यक्ष महावीर सिंह शेखावत ने बताया कि कॉलोनी में लेपर्ड कभी पहले नहीं देखा गया लेकिन इन दिनों लेपर्ड के यहां मूवमेंट होना सामने आया है।
शेखावत ने बताया कि बीते सप्ताह ही एक घर के बाहर की तरफ लेपर्ड देखा गया और अब धुलंडी की रात को मीरानगर C ब्लॉक में गीतांजली एनक्लेव में लेपर्ड ने रात को एक कुत्ते का शिकार किया।
प्रत्यक्षदर्शी विमल जैन ने बताया कि रात करीब 10 बजे लेपर्ड गीतांजलि एनक्लेव के पास कुत्ते का शिकार करने बाद शिकार लेकर पास ही निर्माणाधीन भवन के पास लेकर गया और वहां उसे खाते देखा। अध्यक्ष शेखावत ने इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से यहां पिंजरा लगाने की मांग की। इससे पहले 11 मार्च की रात एक सीसीटीवी में भी एक लेपर्ड देखा गया। उस दिन रात करीब 3.02 मिनट से रात 3.09 मिनट का ये वीडियो है जिसमें लेपर्ड देखा गया। लेपर्ड घर के बाहर टहलता देखा गया और चक्कर लगा रहा था। फुटेज में देखा गया कि लेपर्ड एक घर के बाहर फाटक तक पहुंचा और वापस इधर से उधर जाते हुए देखा गया। लेपर्ड में मूवमेंट को देखकर इस कॉलोनी में रहने वाले लोग घबराए हुए है। लोगों का कहना है कि लेपर्ड के आबादी इलाके में आने से दशहत की स्थिति है। यहां बच्चे भी घर के बाहर निकलते है और लेपर्ड दिखने के बाद डर की स्थिति हो गई है।
