शहर के मुस्लिम कॉलोनी नया बस स्टैंड पर एक मकान में महिला का शव मिलने से दहशत फेल गई। महिला मूल रूप से तो पाड़ला गांव की रहने वाली थी लेकिन वो बांसवाड़ा शहर में एक मकान में किराए पर रह रही थी। वहीं कुछ दूर उसका बेटा भी किराए पर रहता था। शुक्रवार सुबह घर पर मां का शव देखा तो डरे सहमे बेटे ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। डीएसपी सूर्यवीर सिंह और कोतवाल देवीलाल जाब्ते के साथ पहुंचे और शव को एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पाड़ला गांव के उपसरपंच धनपाल खराडी ने बताया कि शारदा 48 पत्नी रकमचंद निवासी पाडला गांव की है लेकिन शहर में रह रही थी। यहां वो पाला (पशुओं का चारा) बैच कर जीवन यापन कर रही थी। महिला और उसका बेटा रोज सुबह पाला काटने के लिए जाया करते थे। जब शुक्रवार सुबह बेटे को मां ने कॉल नहीं किया तो वो अपनी मां के घर पहुंचा। जहां मां का शव संदिग्ध पड़ा हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया। मर्ग दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है कि यह सुसाइड है या मर्डर। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी कहने से इंकार कर रही है। लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका के गले में चोट के निशान भी देखने को मिले हैं। ऐसे में पुलिस पड़ोसी और अन्य लोगों से पूछताछ भी कर सकती हैं।