Site icon Raj Daily News

योग्य दंपतियों को बताए जाएंगे सीमित परिवार के फायदे:27 जून से दो पखवाड़े में चलेगा परिवार नियोजन अभियान, मेलों का होगा आयोजन

झालावाड़ में विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के अनुसार, पहला चरण 27 जून से 10 जुलाई तक मोबिलाइजेशन पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा। दूसरा चरण 11 से 24 जुलाई तक सेवा प्रदान पखवाड़े के रूप में होगा। जिला और ब्लॉक स्तर पर होने वाली गतिविधियों में परिवार कल्याण का लोगो प्रदर्शित किया जाएगा। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अरविंद कुमार नागर ने बताया कि पहले पखवाड़े में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करेंगे। वे योग्य दंपतियों से संपर्क कर सीमित परिवार के फायदे बताएंगे। साथ ही बच्चों के बीच तीन साल का अंतर रखने की सलाह देंगे। अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन और अन्य परिवार कल्याण सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। दूसरे पखवाड़े में जिला और ब्लॉक स्तर पर परिवार विकास मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें परिवार कल्याण के साधनों का प्रदर्शन होगा। लोगों को इन साधनों की उपलब्धता के बारे में परामर्श दिया जाएगा। विभाग ने इस अभियान के लिए ‘विकसित भारत की नई पहचान, परिवार नियोजन हर दंपती की शान’ का नारा तय किया है। मेलों में जिला और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

Exit mobile version