रतनगढ़ में शिवाजी सेवा संस्थान ने होली पर्व पर बुधवार को अनोखी बंदोरी का आयोजन किया। संस्थान की बगीची से शुरू हुई इस बंदोरी को पालिकाध्यक्ष अर्चना हेमंत सारस्वत, पूर्व पालिकाध्यक्ष लिट्टू कल्पना कांत और संस्थान अध्यक्ष किशोरीलाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बंदोरी में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां सजाई गईं। इनमें अघोरी चंचल नाथ टिला, महामंडलेश्वर किन्नर अखाड़ा और महाकाल की आरती करते शिवभक्त शामिल थे। कुमार विश्वास का राम कथा व्यासपीठ और आजीएसटी की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में चंग मंडली ने फाल्गुनी गीत प्रस्तुत किए। युवाओं ने डीजे पर जमकर नृत्य किया। पाबूजी की फड़, शिव पुराण कथा, शिव दरबार, राम दरबार और घोड़े पर सवार राम-लक्ष्मण की झांकियां भी लोगों को भा गईं। नाचते बंदरों के समूह ने भी लोगों का मनोरंजन किया। शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरती बंदोरी का लोगों ने जगह-जगह पानी, चाय और ठंडे पेय पदार्थों से स्वागत किया। कलाकारों ने रोचक स्वांग प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बनवारीलाल महेरीवाल, शंकरलाल गुरावा, मुरलीधर मंडगिरा, भाजपा नेता अरविंद इन्दौरिया समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर भरत सैनी, रामोतार बुबना, सुरेश मुरारका और अन्य प्रमुख लोगों ने भी शिरकत की।