राजगढ़ में गुरुवार की देर रात होलिका दहन के साथ होली पर्व की शुरुआत हुई। रात 11:30 बजे विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी नई फसल की बालियां होलिका में सेकीं। माचाड़ी चौक पर होलिका दहन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही यहां महिलाओं की पूजा के लिए कतारें लगी रहीं। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजी महिलाएं गीत गाती हुई होली स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद होलिका की परिक्रमा कर जीवन में खुशहाली की कामना की। कस्बे के सराय बाजार, पुराने पुलिस थाने के सामने, बस स्टैंड और गंगा बाग क्षेत्र में भी होलिका पूजन हुआ। गोविंद देव जी मंदिर में सुबह से ही विशेष कार्यक्रम चले। यहां गायक कलाकार संजय राजस्थानी ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी। मंदिर के महंत दिलीप मुखर्जी गोस्वामी ने विधिवत पूजा-अर्चना की। दिन में मौसम का मिजाज बदलता रहा। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। इससे जगह-जगह पानी भर गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिर भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।