राजसमंद में रेलमगरा पुलिस ने अवैध अफीम परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक जब्त की।
रेलमगरा पुलिस थाना इंचार्ज सोनाली शर्मा ने बताया कि एसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में रेलमगरा थाना सर्किल में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस क्रम में पुलिस की टीम ने छापरी नाड़ी, धनेरिया- पीपावास रोड़ पर नाकाबंदी की। इस दौरान धनेरियागढ़ की ओर से 2 युवक तेज गति से बाइक लेकर और अचानक पुलिस की नाकेबंदी देखकर बाइक रोककर वापस जाने लगे। जहां पुलिस के जवानों ने दोनों युवकों को घेर लिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों की तलाशी ली। इस दौरान दोनों व्यक्तियों के बीच एक स्टील का डिब्बा मिला। जिसे खोलकर तलाशी लेने पर प्लास्टिक की थैली में अवैध मादक पदार्थ अफीम भरा हुआ मिला। जब पुलिस ने अफीम को कब्जे में रखने व परिवहन से संबधित कागजात मांगे तो युवकों के पास कुछ नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने भगवती लाल (37) पुत्र शांतीलाल वैष्णव निवासी देवरिया पुलिस थाना कपासन व विष्णुदास (30) पुत्र आसुदास निवासी झाझड़ो का खेड़ा पलासिया थाना भोपालसागर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से बाइक व 238 ग्राम अवैध अफीम जब्त की।
