orig 1994 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1 1744068587 COzcD3

एआईसीसी का राष्ट्रीय अधिवेशन 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद में होगा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए तैयारी कर ली है। अधिवेशन के लिए प्रदेश कांग्रेस के 70 प्रतिनिधि अधिकृत हैं, जो वहां दूसरे दिन होने वाले खुले अधिवेशन का हिस्सा होंगे। अधिवेशन के पहले दिन कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग होगी। अधिवेशन में आगामी वर्ष के लिए पार्टी की कार्यप्रणाली और रणनीति पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। ऐसे प्रस्तावों के लिए प्रदेश कांग्रेस से भी राय मांगी गई है। इसमें महत्वपूर्ण राय प्रदेश पदाधिकारी व जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी को लेकर है। पार्टी संगठन की सबसे बड़ी इकाई कांग्रेस वर्किंग कमेटी मानी जाती है। इसकी बैठक में देशभर के लिए पार्टी की रीति-नीति पर बात होती है। उसी को फिर आगे संगठन में लागू किया जाता है। पहले दिन मंगलवार को होने वाली सीडब्लूसी की बैठक में राजस्थान से तीन सदस्य शामिल होंगे। इनमें मूल सदस्य के रूप में पूर्व डिप्टी सीएम व राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट और राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह शामिल हैं। जबकि स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में हरीश चौधरी और राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व सीएम अशोक गहलोत सीडब्लूसी विस्तारित की बैठक का हिस्सा होंगे। अधिवेशन के दौरान पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रस्ताव लाए जाएंगे। इन प्रस्तावों का खाका बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस से राय मांगी गई थी। जिन बिंदुओं पर सबसे ज्यादा जोर रहा, उनमें कांग्रेस जिलाध्यक्षों को और अधिक अधिकार व जिम्मेदारी बढ़ाने को लेकर थी। दो दिन पहले ही प्रदेश में कांग्रेस संगठनात्मक रूप से 40 जिलों से बढ़ाकर 50 जिलों के गठन को कांग्रेस आलाकमान ने मंजूरी दी है। ऐसे में मौजूदा जिलाध्यक्षों के अलावा नए बनाए जाने वाले जिलाध्यक्षों के पास अधिकार व जिम्मेदारी के लिहाज से ज्यादा काम आ सकता है। माना जा रहा है कि पार्टी राष्ट्रीय व प्रदेश से पहले निचले स्तर पर यानी जिला व मंडल पदाधिकारियों को और मजबूत करने के लिहाज से ऐसा करने जा रही है। 52 इलेक्टेड व 20 ऑप्टेड सदस्य, भूमिका तय होगी अधिवेशन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेशों के प्रतिनिधियों का सलेक्शन किया जाता है। राजस्थान से ऐसे 72 सदस्य अधिकृत हैं, जिनमें 52 इलेक्टेड सदस्य होते हैं और 20 ऑप्टेड सदस्य। मौजूदा सदस्यों में 2 सदस्य पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव व लालचंद कटारिया चूंकि पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में 70 प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। इनमें गहलोत, पायलट, जूली, डोटासरा, हरीश चौधरी समेत कई बड़े नेता भी शामिल हैं। अधिवेशन में इन सभी प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आगामी कार्यक्रम तय होंगे, प्रदेश से लेकर बूथ तक के कार्यकर्ता-पदाधिकारियों की जिम्मेदार तय होगी। मौजूदा प्रदेश संगठनों का आकलन होगा। पदाधिकारियों की भूमिका भी तय हो सकती है।

By

Leave a Reply