जयपुर में देश की पहली बाल निगम सभा का आयोजन 15 अगस्त को होने जा रहा है। यह आयोजन नगर निगम हेरिटेज, फ्यूचर सोसाइटी और डिजिटल बाल मेला के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने निवास पर इस सभा के पोस्टर का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ राजस्थान का एक अनूठा नवाचार है। उन्होंने बच्चों को स्वच्छ भारत के सच्चे बालदूत बताया। यह अभियान प्रदेश की सभी नगर निगमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करेगा। डिजिटल बाल मेला की जान्हवी शर्मा ने बताया- निगम की बाल सभा में हेरिटेज निगम के चयनित बच्चे बाल पार्षद बनेंगे। ये बाल पार्षद शहर की स्वच्छता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। यह आयोजन स्वच्छ भारत मिशन को नई दिशा देने का प्रयास है। ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान की शुरुआत 26 नवंबर 2022 को हुई थी। इस दौरान हेरिटेज निगम के वार्डों में स्कूल, पार्क और ऐतिहासिक स्मारकों पर बच्चों ने विभिन्न गतिविधियां कीं। बच्चों ने पोस्टर, स्लोगन और सफाई गतिविधियों के जरिए लोगों को ठोस कचरा प्रबंधन की जानकारी दी। साथ ही प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में भी बताया। हजारों प्रतिभागियों में से चयनित बच्चों को बाल पार्षद बनाया जाएगा।