राजस्थान की सबसे बड़ी बकरा मंडी (अजमेर) से अहमदाबाद, मुंबई सहित दुबई तक बकरे भेजे जा रहे हैं। खासकर दुबई में राजस्थानी बकरों की डिमांड ज्यादा है। इनमें 7 फीट तक के बकरे शामिल हैं। डाइट में भी काजू, बादाम और दूध दिया जाता है। 120 किलो वजन के इस बकरे की कीमत एक लाख रुपए है। कुछ खास बकरों के नाम तो फिल्म स्टार सलमान, शाहरुख, आमिर तक रखे गए हैं। ब्यावर रोड स्थित मंडी में 15 हजार से लेकर ढाई लाख रुपए तक के बकरे बिकते हैं। ये बकरे खास मौके ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) के लिए बेचे जा रहे हैं। बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर राजस्थान का खिताब हासिल करने वाले बकरा व्यापारी भी अपने 120 किलो के बकरे को लेकर पहुंचे हैं। अजमेर बकरा मंडी के उपाध्यक्ष इकबाल अहमद बताते हैं- बकरा ईद से पहले प्रदेश भर से पशुपालक अपने-अपने बकरों को लेकर यहां आते हैं। अभी तक 1 हजार से ज्यादा बकरे दुबई भेजे जा चुके हैं। मंडी में 10 से ज्यादा नस्लों के बकरे उपलब्ध हैं। आजादी के समय से अजमेर में बकरों का व्यापार
इकबाल अहमद ने बताया- ब्यावर रोड पर 10 बीघा जमीन पर मंडी लगती है। 1992 में इस मंडी को बनाया गया था। इससे पहले अजमेर के दिल्ली गेट में मंडी लगा करती थी। बकरों के नाम भी खास
कारोबारियों ने अपने बकरों के नाम भी खास रखे हैं। नागौर के तोतापुरी बकरों के नाम शाहरुख और युवराज है। वहीं सलमान, फारूक के साथ शिवराज कालू महाराज के नाम के भी बकरे हैं। डाइट में काजू-बादाम और लौंग
व्यापारियों ने बताया- कीमती बकरों की डाइट का भी काफी ख्याल रखा जाता है। महंगे बकरों को काजू बादाम, जौ, हरा चारा, लॉन्ग का पत्ता और रोजाना 10 किलो दूध तक की डाइट दी जाती है। डाइट ज्यादा होने के कारण भी बकरों के दाम में तेजी आती है। फ्लाइट से दुबई भेजे जाते बकरे
इकबाल अहमद ने बताया- विदेश से भी लोग मंडी में बकरों की खरीददारी करने के लिए आते हैं। खासकर दुबई से ज्यादा व्यापारी यहां पर पहुंचते हैं। पहले दुबई के लिए शिप में ही बकरे भेजे जाते थे। सरकार ने शिप से भेजना बंद कर दिया। इसके बाद फ्लाइट से बकरों को भेजा जाता है। राजस्थानी बकरों की दुबई में खासी डिमांड है। मंडी में 10 से ज्यादा बकरों की नस्ल उपलब्ध है। इसमें विलायती, सोजती, सिरोही, गुजरी, नागौरी, मारवाड़ी, जाफरी, जमनापारी, बरबरी शामिल हैं। बकरा ईद से 15 दिन पहले रेगुलर मंडी लगती है
मंडी के अध्यक्ष अम्बालाल दायमा ने बताया- सामान्य दिनों में मंडी केवल दो दिन मंगलवार और शनिवार को लगती है। बकरा ईद से 15 दिन पहले हर दिन मंडी लगा करती है। इस दौरान देश-विदेश से बकरों को खरीदने के लिए लोग अजमेर आते हैं। बकरा ईद के दौरान करोड़ों रुपए का व्यापार इस मंडी से होता है। 6 फीट तक लगाता है जंप
बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर राजस्थान का किताब हासिल करने वाले बकरा व्यापारी इरफान ने बताया- मेरे पास 7 फीट का बकरा है, जिसका नाम भूरा है। वजन करीब 120 किलो है। बकरा पूरा वाइट हॉर्स की तरह है, जिसकी कीमत 1 लाख रुपए है। इरफान ने बताया- उनका बकरा करीब 6 फीट तक जंप लगा देता है। वह उसे रोजाना काजू बादाम, 5 किलो से ज्यादा दूध और अन्य सामान डाइट में देते हैं। महीने का खर्चा ही 50 हजार रुपए है। इसे वह अपने परिवार का सदस्य मानकर अपने AC रूम में सुलाते हैं। 2.50 लाख रुपए कीमत, इंसान जितनी हाइट
बकरा व्यापारी रमीज ने बताया- राजाबाबू नाम का उनके पास बकरा है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए है। अजमेरा नस्ल का बकरा है, जिसे रोजाना डाइट में दूध, काजू बादाम, गुड़ दिया जाता है। इस बकरे की हाइट इंसान जितनी है। 45 इंच से ज्यादा की हाइट है। 120 किलो वजन है। 5 लीटर सुबह-शाम दूध, 15 हजार से ज्यादा खर्चा
बकरा व्यापारी उदयपुर निवासी इश्तियाक ने बताया- मेरे पास भी अजमेरी नस्ल का बकरा है। इसकी कीमत 50 हजार है। सुबह शाम बकरे को 5 लीटर दूध पिलाया जाता है। इसके साथ ही अन्य डाइट भी दी जाती है। महीने का 15 हजार खर्चा है।
