हनुमानगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने जिला कार्यालय में रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया। वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने इस महान विभूति के आदर्शों को अपनाने और समाज में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला संयोजक दलीप बेनीवाल ने की। भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, नेता अमित चौधरी और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बताया कि रानी अहिल्याबाई ने शासन के साथ धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने मल्हारगढ़ और नारायणगढ़ नगरों की स्थापना की। शिवगढ़ मार्ग पर स्थापित शिवलिंग आज भी धार्मिक आस्था का केंद्र है। मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश गौतम ने कहा कि अहिल्याबाई 1767 से 1795 तक मालवा क्षेत्र की शासिका रहीं। उन्होंने सिंचाई के लिए नहरें और जलाशय बनवाए। किसानों को कृषि कर में छूट दी। डाकुओं से किसानों की रक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की। किसानों को नई कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिलवाया। डॉ. गौतम ने बताया कि रानी अहिल्याबाई ने समाज सुधार और महिला सशक्तिकरण के लिए कई पहल कीं। उन्होंने अपने राज्य के साथ-साथ भारत के कई क्षेत्रों में धार्मिक और सामाजिक कार्य कराए। काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या, गया, द्वारका, सोमनाथ, हरिद्वार, रामेश्वरम जैसे स्थानों पर मंदिरों, घाटों, कुओं और बावड़ियों का निर्माण करवाया। उन्होंने भूखों के लिए अन्न वितरण और प्यासों के लिए प्याऊ की व्यवस्था कर समाज सेवा की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने इस महान विभूति के आदर्शों को अपनाने और समाज में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में जिला सह संयोजक सरोज लावा ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन पूनम हिसारिया ने किया कार्यक्रम में किरण मेघवाल, प्रियंका सहारन, मीना कुमारी ,भगवती सैनी, सीता स्वामी, जसविंदर कौर ,भादरा नगर मंडल अध्यक्ष पूजा पंवार, डॉ भारत भूषण शर्मा, कृष्ण तायल मीडिया प्रभारी महेश शर्मा, दौलत राम मुंड ,सुरेंद्र जलंधरा, ओम सोनी, लाल मोहम्मद, प्रवीण कुमार, राजन अरोड़ा,मंडल अध्यक्ष लूणाराम पूनिया, बलराज मान, जसपाल सिंह, इंद्रजी चाहर, उत्तम सिंह राठौड़ ,हनीश ग्रोवर, सीताराम बिश्नोई, नितिन बंसल, गुरदास बराड व अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।