Site icon Raj Daily News

वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान:41 जिलों में बांसवाड़ा को 10वां स्थान, कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों का किया सम्मान

वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान के तहत कलेक्टर डॉ इंद्रजीत यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 4 बीडीओ सहित कुल 31 विभागीय अधिकारियों, कार्मिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अभिषेक गोयल, उप वन संरक्षक अभिषेक शर्मा, एसीईओ कैलाश बारोलिया, जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के एसई जे.के. चारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कार्मिक उपस्थित रहे । कार्यक्रम में कलेक्टर ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की लोगों में पहुंच अच्छी रही है। इसके लिए सभी ने अच्छा कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वर्षा जल का अधिकतम संचयन करें और परंपरागत जल स्रोतों का संरक्षण करें। उन्होंने सभी से आगामी समय में आयोजित होने वाले विभिन्न अभियानों में भी बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अभियान की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम में एसीईओ और जल संसाधन विभाग के एसई ने अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि प्रदेशभर के 41 जिलों में बांसवाड़ा ने 10वां स्थान प्राप्त किया। आगे कलेक्टर ने मानसून सीजन में वृक्षारोपण में भी यही उत्साह और जोश से काम करते हुए, जिले में सर्वाधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

Exit mobile version