भरतपुर के MSJ कॉलेज के पास एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला सुबह करीब 5 बजे घूमने के लिए पार्क जा रही थी। इस दौरान वह एक बिजली के पोल की चपेट में आ गई। पोल से बिजली के तार निकले हुए थे। जिससे महिला को करंट लग गया। हालांकि परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया है। विष्णु दत्त शर्मा निवासी मडरपुर रोड़ ने बताया कि मेरी मां स्वराज शर्मा (71) सुबह घूमने के लिए गई थी। MSJ कॉलेज के सामने सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पर एक बिजली के पोल से तार निकले हुए थे। वह जाते समय बिजली के तार की चपेट में आ गई। जिससे उनकी मौत हो गई। करीब 10 दिन पहले वहां एक सांड की भी मौत हो गई थी। उसके बाद वहां पर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। जब स्वराज शर्मा जब बिजली के तार की चपेट में आ गई तो, सड़क पर गिर गई। वहां से कॉलोनी के और भी लोग जा रहे थे। उन्होंने स्वराज शर्मा को पहचान लिया। जिसके बाद उन्होंने हमें घटना की जानकारी दी। यह विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही है। जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।