194 174249291867dc54f6b50a3 03 stIMFn

भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर केंद्र सरकार के इशारे पर पंजाब सरकार ने दमनकारी नीति अपनाते हुए किसान नेताओं को गिरफ्तार कर लिया व शंभू और खनोरी बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स लगाकर किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली, तंंबू और शेड को तोड़ दिया। दोनों मोर्चों पर मौजूद किसानों द्वारा पुलिस की ओर से की जा रही तोड़फोड़ का विरोध करने पर उन्हें जबरन गिरफ्तार कर लिया गया। पंजाब सरकार की कार्रवाई के विरोध में गुरूवार को दोपहर बाद जिलेभर से आए किसान गंगासिंह चौक पर एकत्रित हुए। किसान मजदूर समिति व अन्य किसान सगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पंजाब सरकार का पुतला फूंका। वहीं आप पार्टी के संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने पंजाब सरकार की भी कड़ी निंदा करते हुए गिरफ्तार किसान नेताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। ग्रामीण किसान मजदूर समिति (जीकेएस) के पदाधिकारी संतवीरसिंह मोहनपुरा और हरजिंदरसिंह बराड़ ने कहा कि 29 मार्च की शाम चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के बुलावे पर किसान नेता वार्ता करने के लिए गए थे। वार्ता में तय हो गया था कि अगले दौर की बातचीत 5 मई को की जाएगी। वार्ता खत्म होने से पहले ही पंजाब सरकार ने वार्ता स्थल को घेर लिया। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी। वार्ता से बाहर आ रहे किसान नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि यह सरासर किसानों से धोखा है। किसान नेताओं को वार्ता के बहाने बुलाकर गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी तरफ शंभू और खनोरी बॉर्डर पर धरना दिए हुए किसानों को बलपूर्वक खदेड़ दिया गया। उनके टेंट और टीन शैड आदि उखाड़ दिए गए। संतवीरसिंह ने बताया कि पंजाब में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। लिहाजा किसान आंदोलन को लेकर अभी सूचनाओं का सही तरीके से आदान-प्रदान नहीं हो रहा। किसान मोर्चा के आगामी निर्णय और आह्वान के तहत आंदोलन को जारी रखा जाएगा। इस अवसर पर जीकेएस प्रदेश महासचिव संतवीर सिंह मोहनपुरा, रायसिंहनगर ब्लॉक अध्यक्ष कुलविंद्र सिंह थिंद, केसरीसिंहपुर ब्लॉक अध्यक्ष बेअंत सिंह, गोलूवाला ब्लॉक अध्यक्ष रोशन सिंह, हिंदुमलकोट ब्लॉक अध्यक्ष दलजीत सिंह बाजवा, जिला महासचिव वीरदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह शेरगिल, सुखविंद्र सिंह सुखी, गुरदीप सिंह, हरजिंद्र मान, लखविंद्र सिंह, भरपूर सिंह मोहनपुरा, कुलदीप चहल, काला मंढार, ओंकार सिंह, मुश्ताक अली, ठाकर बराड़ सहित अन्य मौजूद रहे।

By

Leave a Reply