महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी संस्था शक्ति महिला संगठन ने अपने आठवें सत्र की शुरुआत जयपुर के नंदपुरी स्थित होटल हिल्टन में भव्य आयोजन के साथ की। इस अवसर पर संगठन की संस्थापिका सोनाक्षी वशिष्ठ ने बताया कि इस वर्ष का यह विशेष सेशन नई ऊर्जा और नई योजनाओं के साथ आरंभ हुआ है। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन की नई और पुरानी सदस्यों के परिचय सत्र से हुई, जिसमें आपसी संवाद और सहयोग की भावना को और मजबूत किया गया। साथ ही, नई सदस्यों का पारंपरिक स्वागत कर उन्हें संगठन से जोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया को पूरा किया गया। कोर टीम ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण
कार्यक्रम में शक्ति संगठन की कोर टीम में अनुपमा अग्रवाल, हीना ठाकुरदासानी, श्रुति लूथरा, परम मेहरा, निमिषा गुप्ता, सुप्रिया गुप्ता और रश्मि बहेती की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी खूबसूरत और उद्देश्यपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में शामिल होकर इन सदस्यों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
शक्ति संगठन ने इस वर्ष कई नई सदस्यों को भी अपने साथ जोड़ा है, जिनमें युक्ति, यमी, रितु, प्रगति, रचना, मीनल, हिमानी और सोमा शामिल हैं। इन्हें संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं से अवगत कराते हुए, सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। कोर मेंबर श्रुति लूथरा ने बताया कि शक्ति संगठन हर वर्ष अप्रैल से अपने नए सत्र की शुरुआत करता है। इस दौरान पूरे वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाती है। इस वर्ष संगठन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, महिला सुरक्षा, वृक्षारोपण, और खाद्य सुरक्षा जैसे जनहित के मुद्दों पर केंद्रित अभियान चलाने जा रहा है। संगठन की संस्थापिका सोनाक्षी वशिष्ठ ने कहा कि शक्ति महिला संगठन नारी शक्ति को संगठित कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे अपनी बात खुलकर रख सकें और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
