शीतला सप्तमी पर पाली में शुक्रवार शाम आदर्श नगर में शीतला माता मंदिर के बाहर शीतला मेला भरा। आयोजन नगर निगम की ओर से किया गया। मेले में काफी भीड़ रही। शीतला माता के दरवाजा में रंग-बिरंगी वेशभूषा में गेरियों ने जमकर गेर डांस किया, जो देखते ही बनता था। शहरवासियों ने भी उनका तालियां बजाकार हौसला बढ़ाया। मेले में विभिन्न समाजों की गेर आई जिनका नगर निगम की ओर से गुड़ की भेली, शीतला माता की तस्वीर व झंडा देखकर सम्मान किया गया। गेरियों ने जमाया रंग मेले में घांची समाज, माली समाज, चौधरी समाज, प्रजापत समाज सहित अन्य कई समाजों की गेर पहुंची। जिन्होंने मेले के अतिथियों के सामने गेर नृत्य पेश किया। गेर प्रमुख का नगर निगम की ओर से बहुमान किया गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे से विभिन्न समाजों की गेरों के आने का क्रम शुरू हो गया। गेरों के पहुंचने से पहले शीतला माता के दरबार में भजन गायकों ने शीतला माता की स्तुति में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। जमकर लिया व्यंजनों का आनंद मेले में इस बार आइस्क्रीम सहित विभिन्न व्यंजनों व खिलौनों की खासी अस्थाई दुकानें लगी रही। परिवार सहित मेले में पहुंचे शहरवासियों ने जमकर मेले का आनंद लिया। कोई परिवार सहित आइस्क्रीम खाने का आनंद ले रहा था तो कोई चाट पकोड़े खाने का आनंद ले रहा था। आलम यह था कि सूरजपोल से लेकर आदर्श नगर शीतला माता मंदिर तक मेलार्थियों की भीड़ नजर आई।