Site icon Raj Daily News

श्रद्धा से भरेगा सावन, खड़ेश्वर महादेव मंदिर में सजेगी झांकी:गुरु पूर्णिमा से होंगे धार्मिक अनुष्ठान, अमरनाथ की झांकी बनेगी आकर्षण

1003659683 1751364678 hVToH0

11 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत हो रही है। इसे लेकर चित्तौड़गढ़ के खड़ेश्वर महादेव सेवा पूजा संस्थान ने मंदिर में होने वाले आयोजनों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार मंदिर परिसर को सुंदर तरीके से सजाने और कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया गया है। संस्थान के सहमंत्री देवराज साहू ने बताया कि 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। पूरे सावन महीने में हर दिन शाम को भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा और महाआरती होगी। साथ ही, आरती के बाद भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। 22 को निकलेगी शाही सवारी
इस बार मंदिर में विशेष रूप से 12 जुलाई, शनिवार को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 22 जुलाई को सावन मास के कृष्ण पक्ष के प्रदोष पर्व पर खड़ेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। यह सवारी शहर के गांधी चौक से रवाना होकर मंदिर परिसर तक पहुंचेगी। सावन के तीसरे सोमवार को 56 भोग की झांकी सजाई जाएगी, जिसमें भगवान शिव को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और भक्ति भाव से दर्शन करते हैं। वहीं, सावन मास में अमरनाथ की झांकी भी सजाई जाएगी, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। भजन संध्या का भी होगा आयोजन
हर सोमवार को गंगा ग्रुप की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें ख्यातनाम भजन गायक सुमित हेड़ा, अभिनंदन काबरा, माही जोशी सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंगा रहेगा और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक माहौल का अनुभव मिलेगा। लाइट डेकोरेशन और फूलों से सजेगा मंदिर
हर साल की तरह इस साल भी मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग और फूलों से सजावट की जाएगी। इस काम की जिम्मेदारी इकबाल गुलशन और उनकी टीम को सौंपी गई है। वे पिछले कई सालों से सावन में यह सेवा कर रहे हैं। इस बार पहली बार जन्माष्टमी पर्व पर भी विशेष आयोजन
इस बार मंदिर परिसर में जन्माष्टमी पर्व को भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा। पहली बार श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां सजाई जाएंगी। मंदिर में स्थित श्री लड्डू गोपाल का अभिषेक किया जाएगा और श्री राधा-कृष्ण की महा आरती भी होगी। जन्माष्टमी पर सजाई जाने वाली झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

Exit mobile version