105 1749385933684582cd7188f 313 1aKa4I

भास्कर न्यूज | जालोर जिले में 5 से 20 जून तक चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत रविवार को ग्रामीणों ने श्रमदान कर पर्यावरण और जल संरक्षण में भागीदारी निभाई। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी, जागरूकता रैली और श्रमदान कार्यक्रम हुए। इसमें नेहरू युवा केंद्र और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं ने सहयोग किया। आहोर, जालोर, भीनमाल, सायला, बागोड़ा, जसवंतपुरा, चितलवाना, सांचौर, सरनाऊ और रानीवाड़ा के गांवों में प्रभात फेरी और रैली निकाली गई। ग्रामीणों ने तालाब, नाड़ी, जीएलआर और पोखरों की सफाई कर श्रमदान किया। इन गतिविधियों के जरिए जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के तहत सोमवार 9 जून को नवीन अमृत सरोवर का शुभारंभ होगा। नए जल संग्रहण और संरक्षण कार्य शुरू होंगे। पूर्ण हो चुके कार्यों का अवलोकन किया जाएगा। हरियालो राजस्थान योजना के तहत पौधरोपण की तैयारी होगी। प्राचीन तालाबों और जोहड़ों की सफाई और मरम्मत की जाएगी। ओरण और चारागाहों का चिन्हीकरण कर घास बुवाई और पौधारोपण की तैयारी की जाएगी। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत कार्यों का अवलोकन और स्वीकृति दी जाएगी। गांवों के सभी जल स्रोतों की मैपिंग, सफाई और मरम्मत की जाएगी। सोख्ता गड्ढों की सफाई होगी। गांवों के मुख्य मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई गतिविधियां भी होंगी।

Leave a Reply