1001173795 1750240763 gKvRo0

श्रीगंगानगर में मंगलवार को जस्सा सिंह मार्ग पर कॉलोनाइजर आशीष गुप्ता पर हुई फायरिंग के विरोध में बुधवार को नई धानमंडी पूरी तरह बंद रही। व्यापारियों ने हमले की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। मंडी में नीलामी और खरीद-बिक्री का पूरा कामकाज ठप रहा। व्यापारी संगठनों ने सामूहिक रूप से मंडी बंद रखने का निर्णय लिया। आढ़तियों और व्यापारियों ने कहा कि दिनदहाड़े जिम के बाहर कॉलोनाइजर पर फायरिंग होना गंभीर सुरक्षा चूक है। यदि हमलावर नहीं पकड़े गए तो व्यापारी अपनी सुरक्षा को लेकर कदम उठाएंगे। गौरतलब है कि कॉलोनाइजर आशीष गुप्ता पर उस समय हमला हुआ, जब वे एक जिम से बाहर निकल रहे थे। बाइक सवार 2 बदमाशों ने उन पर कई राउंड फायर किए। एक गोली उनके पैर में लगी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथी कारोबारी अशोक चांडक ने बताया कि आशीष गुप्ता की हालत खतरे से बाहर है।
फायरिंग के बाद पूरे शहर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस जब्त किए। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
व्यापारियों ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी जरूरी है। जब तक दोषी पकड़े नहीं जाते तो आगे आंदोलन करके विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply