डूंगरपुर में दर्जी समाज ने शनिवार को अपने आराध्य देव संत पीपाजी महाराज की 702वीं जयंती धूमधाम से मनाई। सुबह से ही महारावल स्कूल के सामने स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर पर समाज के लोग एकत्रित हुए। मंगलेश्वर महादेव मंदिर से निकली शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में संत पीपाजी महाराज की तस्वीरें और आकर्षक झांकियां सजाई गईं। बैंड-बाजों पर धार्मिक गीत और गरबा की धुनें बजती रहीं। महिलाएं, पुरुष और बच्चों ने इन धुनों पर नृत्य किया। शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र सजे-धजे घोड़ों पर बैठे बच्चे और महापुरुषों के वेश में सजे बच्चे रहे। यात्रा पुराना अस्पताल, सोनिया चौक, माणक चौक, दर्जीवाड़ा, कानेरा पोल और मोची बाजार होते हुए पुनः मंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर में भगवान की आरती की गई। समाज अध्यक्ष महेश टेलर ने बताया कि संत पीपाजी गण गागरोन के राजा थे। उन्होंने राजपाट त्याग कर अहिंसा का मार्ग अपनाया और पीड़ित मानवता की सेवा को अपना जीवन समर्पित किया। शाम को वनेश्वर शिवालय में समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।