gif 30 16 1751203786 TMU1wL

धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के और हिंदू संगठन के लोगों ने मकान को घेर लिया। नारेबाजी शुरू कर दी और आरोप लगाया कि यहां सरकारी अधिकारी और उसकी BDO बहन धर्म परिवर्तन के लिए रुपए बांट रहे थे। हंगामा देख अंदर मौजूद लोग मकान में से निकल जाने लगे तो हिंदू संगठन के लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने समझाइश कर कार्रवाई का आश्वासन दिया इसके बाद मकान में मौजूद लोगों को जाने दिया गया। संगठन के लोगों का आरोप था कि यहां कुंड में गरीब लोगों को स्नान करवा कर क्रॉस पहनाया जाता है और ईसाई बनाया जाता है। मामला दौसा के कोतवाली थाना क्षेत्र में पहाड़ी के पीछे जिला अस्पताल रोड के पास स्थित एक मकान का रविवार दोपहर 12:30 बजे का है। सूचना पर DSP रवि प्रकाश शर्मा और कोतवाली SHO सुधीर उपाध्याय ने जाब्ते के साथ पहुंचे थे। एसपी सागर राणा कहना है कि कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया सामने आया है कि वहां प्रार्थना हो रही थी। जबरन धर्म परिवर्तन से संबंधित साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई करेंगे। 2 सरकारी अधिकारियों के नाम, जांच जारी SHO सुधीर उपाध्याय ने बताया- गणेशपुरा रोड पर एक मकान में धर्म-परिवर्तन कराने की सूचना मिली थी। यहां करीब 100 से ज्यादा महिलाएं और अन्य लोग थे। पूछताछ में सामने आया कि हर रविवार यहां धार्मिक आयोजन होता है। लोगों ने स्वेच्छा से आने की बात कही। विहिप कार्यकर्ताओं ने धर्म-परिवर्तन का आरोप लगाया है। उन्होंने परिवाद दिया है। परिवाद में 2 सरकारी अधिकारियों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है, मौके पर भीड़ इतनी ज्यादा थी पुलिस उन्हें पहचान नहीं पाई। साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की जाएगी। कुंड में स्नान करवा कर धर्म-परिवर्तन कराने का आरोप विहिप विभाग मंत्री परमानन्द शर्मा ने बताया- हमें यहां शिकायत मिली थी कि गरीब लोगों का धर्म परिवर्तन करा रहे थे। यहां चल रही सभा में तीन महिलाओं ने धर्म बदलने के लिए हाथ भी खड़े किए। यहां इन लोगों ने कुंड बना रखा है जहां कुंड छींटे लगा कर क्रॉस पहना देते हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि- सबसे मजेदार बात है कि यहां 2 सरकारी अधिकारी भाई-बहन गिरीजेश वर्मा और जीनू वर्मा (BDO) भी थे। इनके नाम भी हमने पुलिस को दिए हैं देखते हैं पुलिस इस बारे में क्या कार्रवाई करती है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज राघव ने बताया- यहां सरकारी कर्मचारी भी थे वे रुपए बांटने का काम कर रहे थे। जैसे ही हम पहुंचे वे निकल गए। सभी आरोप गलत इधर चर्च से जुड़े पादरी जॉर्ज थॉमस ने बताया कि मैं 22 साल से दौसा में रह रहा हूं। यहां धार्मिक आयोजन हर रविवार होते हैं। 100 से 150 लोग यहां जमा होते हैं और प्रेयर करते हैं। रुपए बांटने का आरोप गलत है। यहां तो खुद लोग दान देकर जाते हैं। यहां धर्म परिवर्तन जैसा कुछ नहीं होता।

Leave a Reply

You missed