ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भाजपा की तिरंगा यात्रा को कांग्रेस ने एक राजनैतिक स्टैंड करार दिया था। जिसके बाद भाजपा भी मुखर दिख रही है। कांग्रेस की बयानबाजी के विरोध में सवाई माधोपुर में भाजपा की ओर से भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मान सिंह गुर्जर ने कांग्रेस द्वारा देश एवं प्रदेश में चल रही तिरंगा शौर्य यात्रा को राजनैतिक स्टैंड कहने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस कि हताशा है और तिरंगा यात्रा कि सफलता को देखकर इनको लगा कि पूरा देश ही सेना के साथ खड़ा हो गया, तब इन्हें महसूस हुआ और इन्होंने जय हिंद सभाओं का ऐलान किया। गुर्जर ने कहा कि कांग्रेसी पीएम नरेंद्र मोदी के कारण अब जयहिंद का नारा लगाने लगे है। लेकिन सही मायने में कांग्रेस की जय हिंद सभाएं राष्ट्र भक्ति का ढोंग मात्र है। भाजपा ने तिरंगा यात्रा को कभी अपनी यात्रा नहीं कहा और न ही भाजपा ने झंडे का उपयोग किया। कांग्रेस अपनी रैलियों में देश को विभाजित करने वाली बातें कर रही हैं। भाजपा नेता ने कहा- जिले में तिरंगा रैली जिला मुख्यालय सहित चारों विधान सभाओं व 17 मण्डलों सहित 84 शक्ति केन्द्रों पर निकाली जा चुकी है और 31 मई तक यह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सेना के सम्मान में राष्ट्र भक्ति का वातावरण बने और यात्राओं में सभी की भागीदारी हो। गुर्जर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का यह कहना कि संघ मुख्यालय पर 80 वर्षों से तिरंगा नहीं फहराया गया, यह उनके अल्पज्ञान का प्रतीक है, उन्हें ज्ञात होना चाहिए कि उस कालखंड में केवल सरकारी भवनों पर ही तिरंगा फहराया जाता था। सुप्रीम कोर्ट के नवीन जिंदल केस के फैसले के बाद हर नागरिक का अधिकार बना, तब से संघ मुख्यालय पर भी ध्वजारोहण होता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को संघ का फोबिया हो गया है, ये भूल जाते है कि स्वतंत्रता संग्राम में डॉ. हेडगेवार सहित 6000 से अधिक स्वंय सेवकों ने 9 माह से अधिक समय तक जेल की सजा भुगती थी। मान सिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस झूठ के भरोसे अपनी दुकान चलाना चाहती है, यह उनका पाखंड है। हिंद की सेना से प्रमाण मांगने वाले कांग्रेसी आज सभा कर रहे है। जब देश को एक जुट होना चाहिए, तब भी कांग्रेसी सियासत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान इन्हें सद्बुद्धि दे। भाजपा नेताओं ने कहा कि सीजफायर सेना ने अपनी शर्तों पर किया है। प्रधानमंत्री स्पष्ट कर चुके है कि पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते हैं ट्रेड और टेरर एक साथ नहीं चल सकते है।