जोधपुर में महिला की मौत पर हंगामा हो गया। दो सांडों ने लड़ते हुए महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सांडों ने पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी। इससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि महिला की मौत पुलिस की गाड़ी से हुई है। घटना लूणी थाना क्षेत्र की है। लूणी थानाधिकारी हनुवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया- सड़क पर दो सांड लड़ रहे थे। इस दौरान एक महिला जस्सू कंवर (45) अपने मवेशियों को लेकर खेत में जा रही थी। सांड ने अचानक महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सांडों ने पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मार दी। इससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। ग्रामीण का आरोप, पुलिस की गाड़ी से मौत हुई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला की मौत पुलिस की गाड़ी से टक्कर मारने से हुई है। ग्रामीण महिला की मौत को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने रास्ता रोका हुआ है। ग्रामीणों का कहना है पुलिसकर्मियों को पुलिस की गाड़ी से इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन महिला को इलाज के लिए नहीं ले जाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला के परिजन सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग कर रहे हैं जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सकें।