‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत 2025-26 में 15 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के सभी असाक्षर युवा, वयस्क स्त्री एवं पुरुषों को साक्षर बनाने के लक्ष्य को लेकर शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। अभियान के तहत राज्य सरकार ने ग्राम पंचायत (स्कूल) स्तर पर लक्ष्यों का आवंटन किया है। लक्ष्यों को 30 जून 2025 तक पूर्ण करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं। किशनगढ़ ब्लॉक की 213 स्कूलों को 2370 पुरुष और 5910 महिलाओं समेत कुल 8280 असाक्षरों का सर्वे करने का टारगेट दिया गया हैं। इनमें 46 स्कूलों को 20-20, 72 को 30-30 और 93 स्कूलों को 55-55 का टारगेट हैं। कार्य की प्रगति को लेकर विभाग ने चिंता जताई है। हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार अभी भी 71 विद्यालय ऐसे हैं जहां अब तक कोई कार्य प्रगति नहीं हुई है। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित PEEO और UCEEO से व्यक्तिगत ध्यान देने और सर्वे कार्य को गति देने के निर्देश दिए हैं। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में नामांकित सर्वेयरों के माध्यम से ULLAS मोबाइल ऐप के जरिये ऑनलाइन सर्वे करवाया जा रहा है। सभी स्कूलों के सर्वेयरों के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि साक्षर भारत की नींव है।
साक्षरता सर्वे में पिछड़ा किशनगढ़:213 स्कूलों में से 71 में अब तक नहीं हुआ काम, आज आखिरी दिन
