धौलपुर के शिव मंदिरों में सावन के पहले सोमवार पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना का दौर शुरू हुआ। सैपऊ के ऐतिहासिक महादेव मंदिर में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे। हरिद्वार, कर्णवास और सोरों से कांवड़िए गंगाजल लेकर आए। भक्तों ने भगवान शिव का दूध, शक्कर, पंचामृत और गंगाजल से अभिषेक किया। बेलपत्र और धतूरा भी चढ़ाया गया। शहर के चोपड़ा मंदिर, अचलेश्वर महादेव मंदिर और बसेड़ी के भूतेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवा सभी भक्ति में लीन दिखे। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही प्रसाद के लिए लंगर की व्यवस्था की। महंत लोकेश शास्त्री के अनुसार इस बार सावन का महीना विशेष संयोग लेकर आया है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। सावन के पहले सोमवार को लेकर कावड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल अर्पित किया। मंदिरों पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस के भी पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त रहे।