जयपुर | सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) भर्ती-2022 के चयनितों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। ब्रिज कोर्स के अभाव में 5 महीने से इनकी नियुक्ति अटकी हुई थी। चिकित्सा विभाग ने अब ब्रिज कोर्स का शेड्यूल तैयार कर लिया है। ब्रिज कोर्स पूरा होने के बाद इनकी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। इस साल जनवरी में परिणाम आने के बाद से ही यह अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे। सरकार ने इनको बधाई पत्र भी दे दिए थे। लेकिन नियुक्ति के लिए ब्रिज कोर्स जरूरी था, जो अब तक नहीं हुआ। ब्रिज कोर्स के अभाव में इनकी नियुक्ति भी नहीं हो पा रही थी। चिकित्सा विभाग ने अब इन चयनित करीब 3400 सीएचओ से 14 जून तक ब्रिज कोर्स के लिए जिलों का विकल्प मांगा है। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स फेडरेशन के संरक्षक भरत बेनीवाल का कहना है कि हम लगातार विभाग से इन अभ्यर्थियों का ब्रिज कोर्स कराने की मांग कर रहे थे, ताकि इनको नियुक्ति मिल सके। अब विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू की है। इससे चयनित सीएचओ को बड़ी राहत मिली है। चयनित अभ्यर्थी पांच महीने से इस कोर्स के प्रारंभ होने का इंतजार कर रहे थे। यह है मामला : वर्ष 2022 में निकली इस भर्ती के लिए चयन बोर्ड दो बार परीक्षा का आयोजन कर चुका है। पहली बार फरवरी 2023 में परीक्षा हुई थी, जिसको पेपर लीक के कारण निरस्त कर दिया गया था। तब इसमें 3531 पद थे। इसके बाद सरकार ने इस भर्ती में पदों की बढ़ोतरी करके 5261 पद कर दिए थे। इस भर्ती की परीक्षा का फिर से आयोजन 3 मार्च 2024 को हुआ था। इसका अंतिम परिणाम 9 जनवरी 2025 को जारी हुआ। इसके बाद रोजगार मेले में इस भर्ती के चयनितों को बधाई पत्र भी दे दिए गए, लेकिन नियुक्ति नहीं मिली। इस भर्ती के चयनितों में करीब 3400 के पास ब्रिज कोर्स का सर्टिफिकेट नहीं था। नियुक्ति के लिए ब्रिज कोर्स जरूरी है।